{"vars":{"id": "91925:5179"}}

Indian Army News: 4 साल तक ड्यूटी से गैरहाजिर रहा सैनिक, बीमारी का हवाला देने पर भी हाई कोर्ट से नहीं मिली राहत

पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट ने एक महत्वपूर्ण फैसले में छुट्टी खत्म होने के बाद करीब चार साल तक ड्यूटी से नदारद रहने वाले सैन्यकर्मी की बर्खास्तगी पर मुहर लगा दी है। मानसिक अस्वस्थता का हवाला देकर सेवा में वापसी की
 

चंडीगढ़। पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट ने एक महत्वपूर्ण फैसले में छुट्टी खत्म होने के बाद करीब चार साल तक ड्यूटी से नदारद रहने वाले सैन्यकर्मी की बर्खास्तगी पर मुहर लगा दी है। मानसिक अस्वस्थता का हवाला देकर सेवा में वापसी की गुहार लगाने वाले पूर्व सैनिक की याचिका को सिरे से खारिज करते हुए कोर्ट ने सख्त टिप्पणी की कि बिना पूर्व अनुमति इतने लंबे समय तक ड्यूटी से गायब रहने को साधारण गैरहाजिरी मानकर माफ नहीं किया जा सकता।

जस्टिस हरसिमरन सिंह सेठी और जस्टिस मंदरजीत यादव की खंडपीठ ने पूर्व सैनिक हरबहल सिंह की ओर से दायर याचिका पर सुनवाई करते हुए यह आदेश पारित किया। याचिकाकर्ता ने सशस्त्र बल न्यायाधिकरण (AFT) के 8 अप्रैल 2026 के फैसले को चुनौती दी थी, जिसने उनकी बर्खास्तगी को वैध माना था।

तथ्यों के मुताबिक, हरबहल सिंह मार्च 2002 में भारतीय सेना में भर्ती हुए थे। वे नवंबर 2011 में वार्षिक अवकाश पर गए थे, जिसकी अवधि 24 दिसंबर 2011 को समाप्त हो गई थी। इसके बावजूद वे अपनी यूनिट में रिपोर्ट करने नहीं लौटे। लंबे समय तक बिना सूचना अनुपस्थित रहने के कारण सेना ने उन्हें भगोड़ा घोषित कर दिया और विभागीय कार्रवाई के बाद 20 अप्रैल 2015 को उन्हें सेवा से बर्खास्त कर दिया गया।

पूर्व सैनिक ने दलील दी कि वह चार साल से अधिक समय तक मानसिक रूप से अस्वस्थ रहा और इसी वजह से ड्यूटी पर वापस नहीं लौट सका। उसका कहना था कि अधिकारियों और सशस्त्र बल न्यायाधिकरण ने उसकी परिस्थितियों पर उचित विचार नहीं किया। हालांकि, हाई कोर्ट ने पाया कि मानसिक अक्षमता के दावे के समर्थन में वह कोई ठोस दस्तावेज या साक्ष्य पेश नहीं कर सका।

खंडपीठ ने सुप्रीम कोर्ट के 11 मार्च 2019 के फैसले का भी उल्लेख किया। उसमें कहा गया था कि सशस्त्र बल का कोई सदस्य बिना छुट्टी के 302 दिन तक अनुपस्थित रहता है तो ऐसी गैरहाजिरी माफ नहीं की जा सकती। सेना में अनुशासन और जिम्मेदारी को देखते हुए इस तरह की लापरवाही स्वीकार्य नहीं है।

हाई कोर्ट ने कहा कि सेना ने लागू नियमों और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कार्रवाई की थी। अदालत या न्यायाधिकरण अपीलीय प्राधिकारी की तरह सभी तथ्यों का दोबारा मूल्यांकन कर अधिकारी के फैसले को बदलने का आधार नहीं बन सकते। इन्हीं तथ्यों के आधार पर याचिका खारिज कर दी गई और बर्खास्तगी बरकरार रखी गई।