हरियाणा में ‘मिशन सफलता’ शुरू! 10वीं-12वीं का रिजल्ट सुधारने के लिए चुने जाएंगे हर ब्लॉक के 3 कमजोर स्कूल
चंडीगढ़: हरियाणा के सरकारी स्कूलों में 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं के प्रदर्शन में सुधार लाने के लिए शिक्षा विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। खराब प्रदर्शन करने वाले स्कूलों को केंद्र में रखते हुए विभाग ने 'मिशन सफलता' (Student Achievement Focused Academic Learning Targeted Action Plan) की शुरुआत की है। इस योजना के तहत राज्य के प्रत्येक ब्लॉक में सबसे कमजोर प्रदर्शन करने वाले तीन स्कूलों की पहचान कर वहां शिक्षा के स्तर को सुधारने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव विजय सिंह दहिया ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों (DEO) को मिशन सफलता को प्राथमिकता के आधार पर लागू करने और कमजोर स्कूलों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए हैं।
रिजल्ट के आधार पर रेड, येलो और ग्रीन ज़ोन में बंटेंगे स्कूल
मिशन सफलता के तहत मिड-टर्म (अर्धवार्षिक) परीक्षा परिणामों के आधार पर प्रदेश के स्कूलों को तीन श्रेणियों में विभाजित किया जाएगा:
रेड ज़ोन (Red Zone): जिन स्कूलों का परिणाम 50 प्रतिशत से कम रहेगा, उन्हें रेड ज़ोन में रखा जाएगा। इन स्कूलों में तत्काल सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे। डाइट (DIET) के अधिकारी हर दो सप्ताह में इन स्कूलों का दौरा कर शैक्षणिक मार्गदर्शन देंगे।
येलो ज़ोन (Yellow Zone): 50 से 80 प्रतिशत परिणाम वाले स्कूलों को येलो ज़ोन में शामिल किया जाएगा। जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) और खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) हर महीने इनकी समीक्षा करेंगे ताकि इनका प्रदर्शन ग्रीन ज़ोन तक लाया जा सके।
ग्रीन ज़ोन (Green Zone): 80 प्रतिशत से अधिक परिणाम वाले स्कूलों को ग्रीन ज़ोन में रखा जाएगा। यहां 100% परिणाम हासिल करने और वर्तमान प्रदर्शन को बनाए रखने पर काम होगा।
कमजोर छात्रों के लिए लगेगी रेमेडियल और अतिरिक्त कक्षाएं
परीक्षा परिणाम सुधारने के लिए छात्रों की विषयवार प्रगति, उपस्थिति और सीखने की कमियों की नियमित समीक्षा होगी:
अतिरिक्त कक्षाएं: अर्धवार्षिक परीक्षाओं के बाद मुख्य विषयों में कमजोर पाए गए विद्यार्थियों के लिए अतिरिक्त कक्षाएं (Extra Classes) आयोजित की जाएंगी।
लक्ष्य आधारित रेमेडियल पढ़ाई: प्री-बोर्ड परीक्षाओं के बाद भी जिन विद्यार्थियों में कमियां पाई जाएंगी, उनके लिए विशेष रेमेडियल कक्षाएं जारी रहेंगी।
अभिभावकों से संवाद: जरूरतमंद और कमजोर विद्यार्थियों के माता-पिता से शिक्षक लगातार संपर्क में रहेंगे।
शत-प्रतिशत परिणाम देने वाले शिक्षक बनेंगे प्रेरणा स्रोत
मिशन के तहत उन शिक्षकों की पहचान की जाएगी जिनका बोर्ड रिजल्ट लगातार 100 फीसदी रहता है:
कार्यशालाओं का आयोजन: ऐसे सफल शिक्षकों के अनुभव साझा करने के लिए हर तिमाही में जिला स्तर पर 1 से 2 दिनों की विषयवार वर्कशॉप आयोजित की जाएगी।
अनिवार्य भागीदारी: 50 प्रतिशत या उससे कम परिणाम देने वाले शिक्षकों के लिए इन कार्यशालाओं में भाग लेना अनिवार्य होगा, जहां कक्षा प्रबंधन, पढ़ाने के नए तरीकों और कठिन पाठों की योजनाओं पर मंथन होगा।
1 जनवरी से गैर-शैक्षणिक गतिविधियों पर रोक
बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी में कोई बाधा न आए, इसके लिए 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों के लिए 1 जनवरी से बोर्ड परीक्षाएं समाप्त होने तक सभी गैर-शैक्षणिक (Non-Academic) गतिविधियों पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं (गणतंत्र दिवस समारोह को इसमें छूट दी गई है)।
साथ ही, इन कक्षाओं को पढ़ाने वाले शिक्षकों को भी इस अवधि के दौरान किसी भी तरह की गैर-शैक्षणिक ड्यूटी से मुक्त रखा जाएगा ताकि वे छात्रों का मार्गदर्शन, दोहराई (Revision) और शंकाओं का समाधान बिना किसी रुकावट के कर सकें।