{"vars":{"id": "91925:5179"}}

Muzaffarnagar Accident: हरियाणा के 6 दोस्तों की कार में जिंदा जलकर मौत, CNG कार डिवाइडर से टकराने के बाद बनी आग का गोला

मुजफ्फरनगर के तितावी थाना क्षेत्र में पानीपत-खटीमा हाईवे पर CNG कार डिवाइडर से टकराकर आग का गोला बन गई। हादसे में हरियाणा के छह युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। जानें हादसे की पूरी जानकारी।
 

Haryana News: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पानीपत-खटीमा नेशनल हाईवे पर तितावी थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराने के बाद आग का गोला बन गई। इस हादसे में हरियाणा के छह युवकों की जिंदा जलकर मौत हो गई। बताया जा रहा है कि कार में CNG किट लगी हुई थी। हादसे के बाद कार में लगी आग इतनी भयानक थी कि युवकों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला।

डिवाइडर से टकराकर पलटी कार, देखते ही देखते लगी आग

जानकारी के मुताबिक, सोमवार सुबह छह युवक कार में सवार होकर हरिद्वार की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान पानीपत-खटीमा नेशनल हाईवे पर मुजफ्फरनगर के तितावी थाना क्षेत्र में उनकी कार तेज रफ्तार के चलते डिवाइडर से टकरा गई।

टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर पलट गई और सड़क के दूसरी तरफ जा पहुंची। इसी दौरान गाड़ी में आग लग गई। कार में CNG किट होने के कारण आग तेजी से फैल गई और देखते ही देखते पूरी गाड़ी आग की लपटों में घिर गई। हादसे में कार सवार सभी छह युवकों की जलकर मौत हो गई।

हरियाणा के रहने वाले थे सभी छह युवक

हादसे में जान गंवाने वाले सभी छह युवक हरियाणा के रहने वाले थे। बताया जा रहा है कि सभी आपस में दोस्त थे और हरिद्वार में गंगा स्नान के लिए निकले थे। वे सोमवती अमावस्या के अवसर पर गंगा स्नान करने जा रहे थे।

परिजनों के मुताबिक, दीपावली की रात तक सभी युवक गांव में अपने दोस्तों के साथ पटाखे चलाते दिखाई दिए थे। इसके बाद वे कब और किस समय हरिद्वार के लिए रवाना हुए, इसकी जानकारी परिवार के सदस्यों को नहीं थी। सोमवार सुबह हादसे की खबर मिलते ही परिवारों में चीख-पुकार मच गई।

हादसे में जान गंवाने वाले युवकों की पहचान

इस दर्दनाक हादसे में छह युवकों की मौत हुई है। मृतकों की पहचान इस प्रकार हुई है:

  1. साहिल (20 वर्ष), पुत्र सोम कुमार
  2. अमन (21 वर्ष), पुत्र रामफल
  3. अजय (21 वर्ष), पुत्र शमशेर
  4. अंकित (21 वर्ष), पुत्र राजेश
  5. अंकित (21 वर्ष), पुत्र समुंदर
  6. राहुल (23 वर्ष)

समुंदर और राहुल थे सगे भाई

हादसे में जान गंवाने वाले छह युवकों में समुंदर का बेटा अंकित और राहुल सगे भाई बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार, साहिल ड्राइविंग का काम करता था। अमन और अजय पढ़ाई कर रहे थे। वहीं, अंकित पुत्र राजेश भी विद्यार्थी था।

दूसरे अंकित की बात करें तो वह राखीगढ़ी में एसी और फ्रिज की मरम्मत का काम करता था, जबकि राहुल गैस वेल्डिंग मिस्त्री था। सभी युवक आपस में दोस्त थे।

गांव में पसरा मातम, परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल

हादसे की सूचना मिलने के बाद मृतकों के परिवारों में मातम छा गया। जिन युवकों को परिजनों ने दीपावली की रात तक गांव में हंसते-खेलते देखा था, उनकी मौत की खबर से हर कोई सदमे में है।

एक साथ छह युवकों की मौत से गांव में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।