{"vars":{"id": "91925:5179"}}

भूजल संरक्षण को बढ़ावा: 100 करोड़ की 2 परियोजनाओं को मंजूरी, 90 हजार एकड़ खेतों तक पहुंचेगा पानी

पंजाब में भूजल पर किसानों की निर्भरता कम करने और नहरी सिंचाई तंत्र को मजबूत करने के दिशा में राज्य सरकार ने 100.65 करोड़ रुपये की दो बड़ी परियोजनाओं को हरी झंडी दे दी है।
 

चंडीगढ़। पंजाब में भूजल पर किसानों की निर्भरता कम करने और नहरी सिंचाई तंत्र को मजबूत करने के दिशा में राज्य सरकार ने 100.65 करोड़ रुपये की दो बड़ी परियोजनाओं को हरी झंडी दे दी है। इनसे राज्य की 90 हजार एकड़ से अधिक कृषि भूमि को पहली बार व बेहतर ढंग से नहरी पानी उपलब्ध कराया जाएगा। जल संसाधन मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने पंजाब भवन में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान यह जानकारी साझा की।

64.11 करोड़ से चमकेगी 1-आर डिस्ट्रीब्यूटरी, 80 गांवों को फायदा

पहली परियोजना के अंतर्गत लगभग 60 वर्ष पुरानी 1-आर डिस्ट्रीब्यूटरी की 64.11 करोड़ रुपये की लागत से कंक्रीट लाइनिंग की जाएगी। इस कदम से फतेहगढ़ साहिब और पटियाला जिलों के करीब 80 गांवों की 69,967 एकड़ उपजाऊ भूमि की सिंचाई व्यवस्था सुधरेगी। साथ ही, इसकी जल वहन क्षमता को 154.50 क्यूसेक से बढ़ाकर 248.69 क्यूसेक किया जाएगा। चालू वित्त वर्ष में इस कार्य के लिए 40 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया है।

कपूरी लिफ्ट सिंचाई योजना से पहली बार खेतों तक पहुंचेगा नहरी पानी

दूसरी परियोजना 36.54 करोड़ रुपये की लागत वाली 'कपूरी लिफ्ट सिंचाई योजना' है। इसके माध्यम से पटियाला जिले में हरियाणा सीमा से सटे 20 गांवों (जैसे कपूरी, सराला कलां, कमालपुर, सौंटा, रामपुर, चमारू, ताहिरपुर, झाड़वां, नारायणगढ़ व शेखूपुर) के 20,719 एकड़ क्षेत्र को पहली बार नहरी पानी नसीब होगा। पानी को लिफ्ट कर पाइपलाइन नेटवर्क के सीधे खेतों तक पहुंचाया जाएगा, जिसके पहले चरण के लिए चार करोड़ रुपये का बजट प्रस्तावित है।

नहरों की क्षमता बढ़ाने की जरूरत

गोयल ने बताया कि भाखड़ा मेन लाइन प्रणाली में प्रति एक हजार एकड़ पानी का आवंटन 2.04 से बढ़ाकर 3.05 क्यूसेक किया गया है। इससे नहरों की क्षमता बढ़ाने की जरूरत है। 1-आर डिस्ट्रीब्यूटरी की लाइनिंग से पानी का रिसाव रुकेगा और आपूर्ति बेहतर होगी। मंत्री के अनुसार, सरकार नहरी सिंचाई ढांचे को मजबूत करने पर अब तक करीब 7,500 करोड़ रुपये खर्च कर चुकी है।

ट्यूबवेलों पर निर्भरता घटाने के प्रयास

14 हजार किलोमीटर खालों का निर्माण और पाइपलाइन बिछाने के साथ 19 हजार से अधिक खालों को पुनर्स्थापित किया गया है। नहरी पानी बढ़ने से ट्यूबवेलों पर निर्भरता और बिजली सब्सिडी का बोझ घटेगा। उन्होंने कहा कि देश के केंद्रीय खाद्यान्न पूल में पंजाब का योगदान करीब 48 प्रतिशत गेहूं और 21 प्रतिशत धान का है। भूजल संरक्षण और टिकाऊ सिंचाई व्यवस्था राज्य तथा देश की खाद्य सुरक्षा के लिए जरूरी है।