दोहलीदारों और पुरोहितों को राहत, दान की जमीन का मालिकाना हक अब SDM देंगे; जमीन बेचने का भी मिलेगा अधिकार
चंडीगढ़: हरियाणा में दोहलीदार (दान में जमीन पाने वाले गरीब ब्राह्मण, पुजारी व पुरोहित), बुटीमार, भोंडेदार और मुकररीदार परिवारों के लिए बड़ी खुशखबरी है। दशकों से दान में मिली जमीन पर काबिज इन परिवारों को अब मालिकाना हक पाने के लिए जिला उपायुक्त (DC) कार्यालयों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।
नायब सरकार ने बड़ा प्रशासनिक फैसला लेते हुए अब इसका अधिकार उपमंडल अधिकारी नागरिक (SDM) को सौंप दिया है। इस फैसले से करीब 20 साल से काबिज हजारों परिवारों को सीधे सहूलियत मिलेगी और लंबित मामलों का निपटारा तेजी से हो सकेगा।
SDM दफ्तर में होगा आवेदन, बेचने का भी मिलेगा अधिकार
राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव व वित्तायुक्त (राजस्व) डॉ. सुमिता मिश्रा ने इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर दिए हैं।
राजस्व कानूनों के तहत प्रथम श्रेणी के सहायक कलेक्टर के रूप में अधिसूचित सभी SDM अब इन आवेदनों पर सुनवाई कर सकेंगे।
मालिकाना हक मिलते ही इन परिवारों को जमीन बेचने या स्थानांतरित करने का पूरा कानूनी अधिकार मिल जाएगा। अब निजी व्यक्तियों या संस्थाओं को दान में मिली इस जमीन की खरीद-फरोख्त पर कोई रोक नहीं रहेगी।
क्यों पड़ी इस बदलाव की जरूरत?
जिला उपायुक्तों (DC) के पास प्रशासनिक और अन्य राजस्व कार्यों का भारी बोझ रहता था। इसके कारण दोहलीदारों को मालिकाना हक से जुड़ी फाइलों को पास कराने में महीनों भटकना पड़ता था। इसी प्रशासनिक देरी को खत्म करने और पारदर्शी प्रक्रिया के लिए सरकार ने यह अधिकार SDM स्तर पर स्थानांतरित किया है।
क्या है पूरा पृष्ठभूमि मामला?
पूर्व की रोक: मनोहर सरकार के पहले कार्यकाल में एक नियम बनाया गया था, जिसके तहत दान में मिली ऐसी जमीनों की खरीद-फरोख्त पर रोक लगा दी गई थी और केवल खेती करने (काश्तकारी) की इजाजत थी। विधानसभा में विपक्ष ने इस नियम का कड़ा विरोध किया था।
महाकुंभ में घोषणा: बाद में 11 दिसंबर 2022 को करनाल में आयोजित 'भगवान परशुराम महाकुंभ' के दौरान तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने दोहलीदारों को लगभग 1700 एकड़ जमीन का मालिकाना हक देने का ऐलान किया था।
सैनी सरकार ने किया लागू: अब मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अगुवाई वाली सरकार ने इस घोषणा को जमीनी स्तर पर लागू करते हुएSDM को अधिकार सौंपने का आदेश जारी कर दिया है।
कौन होते हैं दोहलीदार, बुटीमार व भोंडेदार?
पुराने समय में गांवों में पंचायती या निजी जमीन का कुछ हिस्सा गरीब ब्राह्मणों, पुजारियों, पुरोहितों और सेवादारों को धार्मिक या सामाजिक कार्यों के बदले फसल बोने और आजीविका चलाने के लिए दान (दोहली) में दिया जाता था। इस जमीन पर उनका कब्जा तो रहता था और फसल से होने वाली आमदनी भी उन्हीं की होती थी, लेकिन कानूनी रूप से मालिकाना हक (रजिस्ट्री का अधिकार) उनके नाम नहीं होता था। सरकार के इस कदम से अब वे आधिकारिक तौर पर उस जमीन के मालिक बन जाएंगे।