{"vars":{"id": "91925:5179"}}

Haryana SIR Update: हरियाणा में वोटर लिस्ट के विशेष पुनरीक्षण की बढ़ी डेडलाइन, 20 नवंबर तक दर्ज होंगी आपत्तियां; 30 नवंबर को जारी होगी फाइनल सूची

Haryana SIR Update: हरियाणा में वोटर लिस्ट के विशेष पुनरीक्षण की बढ़ी डेडलाइन, 20 नवंबर तक दर्ज होंगी आपत्तियां; 30 नवंबर को जारी होगी फाइनल सूची
 

चंडीगढ़। हरियाणा में वोटर लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को लेकर चुनाव आयोग ने बड़ा फैसला लिया है। भारत निर्वाचन आयोग ने दावे और आपत्तियां दाखिल करने व उनके निपटारे की तारीख आगे बढ़ा दी है। जारी नए शेड्यूल के मुताबिक, अब 20 नवंबर 2026 तक सभी दावों व आपत्तियों का समाधान किया जाएगा, जिसके बाद 30 नवंबर 2026 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन (Final Publication) होगा।

इस संबंध में निर्वाचन आयोग के अवर सचिव संदीप कुमार ने हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को पत्र भेजकर नए कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी है। आयोग का यह फैसला राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी से मिले अनुरोध के बाद आया है। इससे पहले आयोग की ओर से 14 मई, 14 जुलाई और 29 अगस्त 2026 को इस संबंध में दिशा-निर्देश जारी किए गए थे।

चुनाव आयोग ने निर्देश दिया है कि संशोधित शेड्यूल की जानकारी संबंधित सभी चुनाव अधिकारियों व कर्मचारियों तक तुरंत पहुंचाई जाए। साथ ही, आम जनता और नए मतदाताओं को जागरूक करने के लिए विभिन्न माध्यमों से इसका व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि हर पात्र नागरिक समय रहते अपना नाम जुड़वा या सुधार करवा सके।

इसके अलावा, राज्य के सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को भी इस बदले हुए शेड्यूल की लिखित प्रति भेजने के निर्देश दिए गए हैं। आदेश की एक कॉपी हरियाणा के मुख्य सचिव को भी भेजी गई है।