Weather Update: चंडीगढ़, पंजाब और हरियाणा में बदलेगा मौसम, बारिश के आसार; हिमाचल में बर्फबारी से बढ़ेगी ठंड
Weather Today: नवंबर का पहला हफ्ता बीतने के बावजूद मैदानी इलाकों में ठंड का असर अभी काफी कम है। दोपहर के समय तेज धूप खिल रही है, जबकि सुबह और शाम के वक्त हल्की गुलाबी ठंड का अहसास बना हुआ है। चंडीगढ़ समेत पंजाब और हरियाणा में फिलहाल मौसम का मिजाज ऐसा ही दर्ज किया जा रहा है।
हालांकि, आने वाले दिनों में ठंड का प्रकोप बढ़ने की पूरी संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के निदेशक डॉ. मनमोहन सिंह के अनुसार, 9 और 10 नवंबर को मौसम करवट ले सकता है। उन्होंने बताया कि नए पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के सक्रिय होने से पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। वहीं, पड़ोसी राज्य हिमाचल प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी के भी आसार जताए गए हैं।
रात का तापमान कम नहीं हुआ
मौसम विभाग के अनुसार नवंबर की शुरुआत में ठंड भी शुरू हो जाती है। लेकिन इस बार ऐसा नहीं हुआ है। पिछले 10 साला के रिकार्ड को देखें तो नवंबर के पहले हफ्ते ही न्यूनतम तापमान 10 से 12 डिग्री तक पहुंचने लगता था, लेकिन इस बार अभी भी न्यूनतम तापमान 16 और 17 डिग्री दर्ज किया गया है।
हिमाचल में बर्फबारी से मैदानी इलाकों में बढ़ेगी सर्दी
वहीं डा. मनमोहन सिंह बताते है कि 9 और 10 नवंबर को वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव होने से पंजाब और हरियाणा के कुछ जिलों में बारिश होने की संभावना है। वहीं साथ लगते राज्य हिमाचल के ऊपरी क्षेत्र में ताजा बर्फबारी होगी। इसका असर मैदानी इलाकों (पंजाब, चंडीगढ़, हरियाणा) पर होगा। क्योंकि पहाड़ों की बर्फीली हवाएं मैदानी इलाकों में ठंड को बढ़ाएंगी।
हिमाचल के रोहतांग दर्रा और मनाली में ताजा बर्फबारी
बता दें कि हिमाचल में कई इलाकों में बारिश और कुछ पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी हुई है। रोहतांग दर्रा और मनाली की ऊंची चोटियों पर सोमवार को ताजा हिमपात हुआ। लाहौल घाटी के ऊंचे इलाकों पर भी ताजा बर्फबारी होने से मनाली-लेह हाईवे सोमवार को दूसरे दिन भी यातायात के लिए बंद रहा।
मनाली लेह हाईवे 6 महीने के लिए हुआ बंद
लेह प्रशासन की तरफ से जारी नोटिफिकेशन में बताया गया है कि बर्फबारी की वजह मनाली-लेह हाईवे को बंद कर दिया गया है। लेह की तरफ से ऊपसी- सरचू रोड बंद कर दिया गया है। इस मार्ग पर बार्डर रोड आर्गेनाइजेशन (बीआरओ) देख रेख करता है।