{"vars":{"id": "91925:5179"}}

जवाहर नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा के अभ्यर्थी तत्काल डाउनलोड करें प्रवेश पत्र : उपायुक्त आयुष सिन्हा

जवाहर नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा के अभ्यर्थी तत्काल डाउनलोड करें प्रवेश पत्र : उपायुक्त आयुष सिन्हा
 

**28 नवंबर 2026 को आयोजित होगी कक्षा छठी की प्रवेश परीक्षा, अभिभावक एवं शिक्षक समय रहते करें आवश्यक तैयारी

फरीदाबाद, **

उपायुक्त आयुष सिन्हा ने फरीदाबाद जिले के सभी विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं संबंधित शिक्षकों से अपील की है, जिनके बच्चों ने जवाहर नवोदय विद्यालय में कक्षा छठी में प्रवेश के लिए आवेदन किया है, कि वे प्रवेश परीक्षा का प्रवेश पत्र (एडमिट कार्ड) तत्काल डाउनलोड करना सुनिश्चित करें। जवाहर नवोदय विद्यालय की कक्षा छठी में प्रवेश के लिए परीक्षा का आयोजन 28 नवंबर 2026 को किया जाएगा।

उपायुक्त ने कहा कि प्रवेश परीक्षा में शामिल होने वाले प्रत्येक अभ्यर्थी के लिए प्रवेश पत्र अत्यंत महत्वपूर्ण दस्तावेज है। इसलिए सभी अभिभावक एवं शिक्षक समय रहते अपने-अपने अभ्यर्थियों का एडमिट कार्ड डाउनलोड कर लें तथा उस पर अंकित सभी विवरणों, जैसे अभ्यर्थी का नाम, रोल नंबर, परीक्षा केंद्र एवं अन्य आवश्यक जानकारियों की अच्छी तरह जांच कर लें। यदि प्रवेश पत्र में किसी प्रकार की त्रुटि दिखाई देती है तो उसके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों से समय रहते संपर्क करें, ताकि परीक्षा के दिन किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को परीक्षा की तैयारी के साथ-साथ परीक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देशों की जानकारी देना भी अभिभावकों एवं शिक्षकों की जिम्मेदारी है। सभी अभ्यर्थी परीक्षा केंद्र, समय एवं अन्य निर्देशों को पहले से समझ लें।

प्रवेश पत्र जवाहर नवोदय विद्यालय समिति की आधिकारिक वेबसाइट https://cbseitms.rcil.gov.in/nvs/ से डाउनलोड किया जा सकता है। उपायुक्त ने सभी संबंधितों से अपील की कि वे इस सूचना को अधिक से अधिक पात्र अभ्यर्थियों तक पहुंचाएं, ताकि कोई भी विद्यार्थी प्रवेश पत्र डाउनलोड करने से वंचित न रहे।