सोशल मीडिया पर फर्जी अकाउंट व धोखाधड़ी पर लगेगी रोक, फरीदाबाद के दंपति ने तैयार किया विशेष R19 मोबाइल ऐप्लिकेशन
सोशल मीडिया पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर लोगों को परेशान करने, अभद्र संदेश भेजने, धोखाधड़ी करने और पहचान छिपाकर लोगों से संपर्क करने जैसी समस्याओं से जूझ रहे लोगों के लिए एक राहत भरी खबर सामने आई है। इन तमाम समस्याओं के समाधान के लिए फरीदाबाद के एक दंपति दीपक नागपाल और उनकी पत्नी मनप्रीत ने 'R19' नाम से एक मोबाइल ऐप्लिकेशन तैयार की हैं। आइए जानते हैं यह ऐप्लिकेशन किस तरह से लोगो के लिए मददगार साबित होगी।
R19 बनाने की वजह
इस मोबाइल ऐप्लिकेशन के सह-संस्थापक दीपक नागपाल ने बताया कि उनकी पत्नी मनप्रीत ब्रांड प्रमोशन, रील और मोटिवेशनल वीडियो बनाती है। सोशल मीडिया पर उनके मिलियन में फॉलोवर्स है। ऐसे में लोकप्रियता बढ़ने के साथ उनकी पत्नी के न केवल फर्जी अकाउंट बनने लगे बल्कि अभद्र भाषा का इस्तेमाल और धोखाधड़ी जैसे मामले भी सामने आने लगे।
इसी परेशानी से निजात पाने के लिए हमने ऐसा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म तैयार करने का फैसला किया, जहां यूजर की पहचान को ज्यादा भरोसेमंद तरीके से सत्यापित किया जा सके। इसी विचार से एक साल की मेहनत के बाद R19 मोबाइल ऐप्लिकेशन तैयार करने में सफलता हाथ लगी।
ऐसे होगा सत्यापन
दीपक ने बताया कि यूजर को डिजिलॉकर के जरिए आधार कार्ड से सत्यापन करना होगा. इसके बाद आधार से रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर कोड आएगा. उस कोड को दर्ज करने के बाद अकाउंट क्रिएट होगा. इस व्यवस्था से फर्जी अकाउंट बनाने के मामलों में कमी आएगी।
इस नई ऐप्लिकेशन की एक और खासियत यह होगी कि इसमें आप ग्रुप चैट, मैसेजिंग, रील्स, फोटो और वीडियो शेयरिंग, स्टेटस और न्यूज जैसे फीचर्स का भी मजा उठा सकेंगे। वहीं, ऐप में पिनकोड के जरिए आसपास के लोगों से जुड़ने की सुविधा प्रदान की गई है। अगर आप कोई पिनकोड डालते हैं तो आप उस पिनकोड के ग्रुप में शामिल हो सकते हैं और वहां के लोगों से बातचीत कर सकते हैं। इससे स्थानीय स्तर पर लोगों के बीच संवाद और सूचना साझा करने की सुविधा मिल सकती है। इस ऐप को Android और Apple दोनों प्लेटफार्म पर पर इस्तेमाल किए जाने की बात कही गई है।