{"vars":{"id": "91925:5179"}}

Faridabad News: शहर में GRAP-1 लागू, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड सख्त; निर्माण स्थलों की निगरानी शुरू, एंटी-स्मॉग गन से होगा पानी का छिड़काव

केंद्र सरकार के निर्देश पर दिल्ली-एनसीआर (Delhi-NCR) में लागू किए गए ग्रेडेड रेस्पॉन्स एक्शन प्लान के पहले चरण (GRAP-1) के नियम फरीदाबाद जिले में भी सख्ती से लागू कर दिए गए हैं
 

फरीदाबाद। केंद्र सरकार के निर्देश पर दिल्ली-एनसीआर (Delhi-NCR) में लागू किए गए ग्रेडेड रेस्पॉन्स एक्शन प्लान के पहले चरण (GRAP-1) के नियम फरीदाबाद जिले में भी सख्ती से लागू कर दिए गए हैं। बढ़ते प्रदूषण पर अंकुश लगाने के लिए हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (HSPCB) ने कमर कस ली है और शहरभर में जारी पाबंदियों की कड़ाई से पालना कराई जा रही है।

निर्माण स्थलों का निरीक्षण तेज, खुले में सामग्री रखने पर रोक

जिला प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीमें शहर के विभिन्न निर्माण स्थलों (Construction Sites) पर लगातार निरीक्षण कर रही हैं। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी हरीश कुमार ने बताया कि सूचीबद्ध की गई सभी निर्माण इकाइयों और ठेकेदारों को औपचारिक नोटिस जारी किए गए हैं।

उन्हें स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि निर्माण सामग्री को किसी भी हाल में खुला न छोड़ें और उस पर नियमित रूप से पानी का छिड़काव करते रहें। किसी भी तरह का उल्लंघन पाए जाने पर सख्त प्रशासनिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

हवा में धूल नियंत्रण बेहद जरूरी

बुधवार को शहर में धूल कणों (PM-10) का स्तर 157 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज किया गया था। निर्माण स्थलों से उड़ने वाली धूल हवा की गुणवत्ता (AQI) को और अधिक गंभीर बना सकती है। इसी को ध्यान में रखते हुए GRAP-1 के तहत धूल नियंत्रण के पुख्ता इंतजाम करने अनिवार्य कर दिए गए हैं।

नगर निगम ने तैनात कीं 4 एंटी-स्मॉग गन

ग्रेप-1 लागू होते ही प्रशासनिक स्तर पर भी तेजी देखने को मिल रही है। फरीदाबाद नगर निगम ने शहर के प्रमुख मार्गों और धूल प्रभावित इलाकों में पानी के छिड़काव के लिए चार एंटी-स्मॉग गन (Anti-Smog Guns) मैदान में उतार दी हैं।

आमतौर पर अक्टूबर के आखिरी सप्ताह में ठंड की दस्तक और प्रदूषण के बढ़ते स्तर को देखते हुए पाबंदियों को कड़ा किया जाता है। इस बार भी अक्टूबर के अंत से ही प्रदूषण से निपटने की तैयारियां तेज कर दी गई हैं।