{"vars":{"id": "91925:5179"}}

रिश्वतखोरी के मामले में तत्कालीन जेई टेकचन्द को 4 साल का कठोर कारावास, ₹10,000 जुर्माना भी लगाया

रिश्वतखोरी के मामले में तत्कालीन जेई टेकचन्द को 4 साल का कठोर कारावास, ₹10,000 जुर्माना भी लगाया
 

राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की प्रभावी पैरवी से भ्रष्टाचार के मामले में दोषी को सजा

पंचकूला/फरीदाबाद,

हरियाणा में भ्रष्टाचार के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत भ्रष्टाचार के मामलों में दोषियों को सजा दिलाने के लिए राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (SV&ACB) द्वारा प्रभावी कार्रवाई और पैरवी की जा रही है। इसी कड़ी में फरीदाबाद में रिश्वतखोरी के एक मामले में माननीय अदालत ने महत्वपूर्ण फैसला सुनाते हुए तत्कालीन जूनियर इंजीनियर (जेई) टेकचन्द को चार साल के कठोर कारावास और 10,000 रुपये जुर्माने की सजा सुनाई है। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश श्री अशोक कुमार, फरीदाबाद की अदालत ने 30 अक्टूबर 2026 को अभियोग संख्या 03, दिनांक 19 मई 2020, थाना राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, फरीदाबाद के मामले में यह फैसला सुनाया। आरोपी टेकचन्द, जो उस समय नगर निगम फरीदाबाद में जूनियर इंजीनियर के पद पर कार्यरत था, को रिश्वत मांगने और लेने के आरोप सिद्ध होने पर दोषी करार दिया गया।

क्या था पूरा मामला?

मामले के अनुसार, शिकायतकर्ता ठेकेदारी का कार्य करता था। उसने मई 2019 में फरीदाबाद के सेक्टर-8 में पुरानी पानी की टंकी को तोड़ने का ठेका लिया था। इस कार्य का बिल तैयार करवाने के लिए संबंधित कार्य का एमबी (मेजरमेंट बुक) पूरा करना आवश्यक था। आरोप था कि तत्कालीन जेई टेकचन्द ने एमबी पूरी करने के एवज में शिकायतकर्ता से 14,000 रुपये रिश्वत के रूप में ले लिए। इसके बाद नगर निगम फरीदाबाद के लेखा शाखा में बिल बनवाने के लिए फाइल भेज दी गई। बिल तैयार होने के बाद फाइल पर हस्ताक्षर करने के एवज में आरोपी ने शिकायतकर्ता से दोबारा 14,000 रुपये की रिश्वत की मांग की और कहा कि रिश्वत नहीं देने पर वह फाइल पर हस्ताक्षर नहीं करेगा।

रंगे हाथों पकड़ा गया था आरोपी

शिकायत के आधार पर राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, फरीदाबाद की टीम ने 19 मई 2020 को कार्रवाई करते हुए आरोपी टेकचन्द को शिकायतकर्ता से 14,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया था। आरोपी के कब्जे से रिश्वत की राशि बरामद की गई और उसके विरुद्ध नियमानुसार भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया। जांच पूरी होने के बाद ब्यूरो ने 1 सितंबर 2021 को मामले का चालान माननीय अदालत में पेश किया। मामले की सुनवाई के दौरान प्रस्तुत साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर अदालत ने आरोपी को दोषी ठहराते हुए चार साल के कठोर कारावास और 10,000 रुपये जुर्माने की सजा सुनाई।

भ्रष्टाचार के विरुद्ध कार्रवाई जारी, आमजन से सहयोग की अपील

हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो आमजन से अपील करता है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी किसी सरकारी कार्य को करने की एवज में रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी सूचना तुरंत ब्यूरो को दें। भ्रष्टाचार से संबंधित शिकायत के लिए टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1064 अथवा 1800-180-2022 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अतिरिक्त, नागरिक ‘सतर्क-हरियाणा’ मोबाइल ऐप के माध्यम से भी भ्रष्टाचार की शिकायत दर्ज करवा सकते हैं तथा फोटो, वीडियो और ऑडियो जैसे साक्ष्य साझा कर सकते हैं। ब्यूरो भ्रष्टाचार के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने और दोषियों को कानून के अनुसार सजा दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।