जिला जेल नीमका के बंदियों को कौशल विकास प्रशिक्षण के प्रमाण-पत्र वितरित
**कौशल विकास से बंदियों को रिहाई के बाद आत्मनिर्भर बनने में मिलेगी मदद : जगदीप सिंह
फरीदाबाद, 12 नवंबर।**
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, फरीदाबाद द्वारा बंदियों को आत्मनिर्भर बनाने तथा उनके पुनर्वास के उद्देश्य से इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट, फरीदाबाद के सहयोग से जिला जेल नीमका में दो सप्ताह का कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 4 अगस्त 2026 से 17 अगस्त 2026 तक कुकिंग स्किल्स, फूड प्रोडक्शन एवं फूड एंड बेवरेज सर्विस विषय पर आयोजित किया गया।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट-सह-सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, फरीदाबाद के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बंदियों को व्यावसायिक एवं रोजगारपरक कौशल प्रदान करना था, ताकि जेल से रिहा होने के बाद वे इन हुनरों का उपयोग कर रोजगार प्राप्त कर सकें अथवा अपना स्वयं का कार्य शुरू करके आत्मनिर्भर बन सकें और अपने परिवार का पालन-पोषण सम्मानपूर्वक कर सकें।
इसी कड़ी में गत दिवस जिला जेल नीमका, फरीदाबाद के निरीक्षण के दौरान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, फरीदाबाद जगदीप सिंह ने प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लेने वाले बंदियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले बंदियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि इस प्रकार के कौशल विकास कार्यक्रम उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि जेल से बाहर आने के बाद बंदी प्रशिक्षण के दौरान सीखे गए हुनरों का उपयोग कर रोजगार के अवसर तलाश सकते हैं तथा समाज की मुख्यधारा से जुड़कर सम्मानजनक एवं आत्मनिर्भर जीवन व्यतीत कर सकते हैं। कौशल विकास न केवल उनके लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करता है, बल्कि उन्हें अपने भविष्य को बेहतर दिशा देने में भी सक्षम बनाता है।
इस अवसर पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट-सह-सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, फरीदाबाद जितेंद्र सिंह, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, फरीदाबाद एवं प्रधान न्यायाधीश, किशोर न्याय बोर्ड, फरीदाबाद उपेंद्र सिंह तथा अधीक्षक, जिला जेल नीमका, फरीदाबाद नरेश कुमार भी उपस्थित रहे।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, फरीदाबाद द्वारा बंदियों के कल्याण, कौशल विकास एवं पुनर्वास के लिए निरंतर विभिन्न गतिविधियां एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन प्रयासों का उद्देश्य बंदियों को आवश्यक कौशल एवं अवसर उपलब्ध कराना है, ताकि वे रिहाई के बाद समाज की मुख्यधारा में सकारात्मक रूप से शामिल होकर सम्मानजनक जीवन की नई शुरुआत कर सकें।