Surajkund Diwali Mela 2026: आज से होगा आगाज, CM सैनी करेंगे उद्घाटन; भारी वाहनों के रूट डायवर्ट
फरीदाबाद: हरियाणा पर्यटन विभाग की ओर से प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सूरजकुंड में तीसरे सूरजकुंड दीवाली मेले का भव्य आयोजन 23 अक्टूबर से 26 अक्टूबर 2026 तक किया जा रहा है। चार दिनों तक चलने वाले इस दीवाली मेले को लेकर मेला परिसर में तैयारियां जोरों पर हैं और इसे अंतिम रूप दिया जा रहा है। मेले का उद्घाटन मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आज (23 अक्टूबर) दोपहर तीन बजे करेंगे।
दीवाली के उल्लास और भारतीय संस्कृति की समृद्ध विरासत को समर्पित इस मेले के पूरे परिसर को रंग-बिरंगी सजावट, आकर्षक झालरों और भव्य रोशनी से सजाया गया है, ताकि यहां आने वाले पर्यटकों को एक अनूठा उत्सवपूर्ण माहौल मिल सके।
लोककला और हस्तशिल्प का अद्भुत संगम
हरियाणा पर्यटन निगम के अतिरिक्त महाप्रबंधक हरविंद्र सिंह यादव ने बताया कि इस चार दिवसीय मेले में देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक हस्तशिल्प, कलात्मक उत्पादों, स्वादिष्ट व्यंजनों और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा।
ट्रैफिक एडवाइजरी: भारी वाहनों के लिए नो-एंट्री और रूट डायवर्जन
मेले में उमड़ने वाली भारी भीड़ और शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए फरीदाबाद ट्रैफिक पुलिस ने कड़े इंतजाम किए हैं।
नो-एंट्री का समय: मेले के दौरान यातायात नियंत्रित रखने के लिए निर्धारित मार्गों पर सुबह 7 बजे से रात 11 बजे तक भारी एवं वाणिज्यिक वाहनों के लिए नो-एंट्री लागू रहेगी।
जरूरी सेवाएं: दूध, सब्जी, मेडिकल जैसी आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को नियमों के तहत आने-जाने की अनुमति दी जाएगी।
इन मार्गों पर रहेगा प्रतिबंध:
पाली चौक से एमवीएन नाका और सूरजकुंड की ओर
अनखीर चौक से सूरजकुंड की ओर
एनएचपीसी चौक से सूरजकुंड की ओर
प्रहलादपुर (दिल्ली बॉर्डर) से सूरजकुंड गोल चक्कर की ओर
भारी वाहन चालकों को सलाह दी गई है कि वे असुविधा से बचने के लिए प्रतिबंधित मार्गों पर जाने से बचें और ट्रैफिक पुलिस द्वारा जारी वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें।