बहादुरगढ़ में प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों पर परिवहन विभाग की सख्ती, 87 वाहनों के किए चालान
जिला परिवहन विभाग की टीम ने ग्रेप-1 लागू होने के बाद जांच अभियान किया तेज
बिना तिरपाल निर्माण सामग्री ले जाने वालों पर भी सख्त कार्रवाई
बहादुरगढ़, 29 अक्टूबर।
राजधानी के साथ लगते झज्जर जिला में डीसी वर्षा खांगवाल और परिवहन आयुक्त हरियाणा के निर्देश अनुसार परिवहन विभाग द्वारा ग्रेप एक के चलते वायु प्रदूषण पर नियंत्रण लगाने के लिए वाहनों की जांच की जा रही है। गुरुवार को जिला परिवहन अधिकारी रवीश हुडा के नेतृत्व में एडीटीओ राजेश मलिक की टीम द्वारा बहादुरगढ़ शहर के विभिन्न पेट्रोल पंपों पर विशेष जांच अभियान चलाया गया,जिसमें 87 वाहनों के चालान किए गए। चैकिंग अभियान के दौरान पेट्रोल-डीजल भरवाने पहुंचे वाहनों के प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र की जांच की गई जांच में बिना वैध प्रमाणपत्र वाले 87 वाहन पाए गए, जिनके मौके पर ही चालान किए गए। संबंधित पेट्रोल पंप संचालकों ने भी इन वाहनों को ईंधन देने से मना कर दिया।
डीटीओ रवीश हुड्डा ने बताया कि इसके अलावा विभाग की टीम ने निर्माण सामग्री लादकर चलने वाले वाहनों की जांच की। बिना तिरपाल ढके निर्माण सामग्री का परिवहन करने वाले वाहनों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई। विभाग के अनुसार, अब तक ऐसे 46 वाहनों के चालान किए जा चुके हैं। बिना तिरपाल निर्माण सामग्री ले जाने से सड़क पर धूल फैलती है, जिससे वायु प्रदूषण बढ़ता है।
एंड ऑफ लाइफ वाहनों पर विभाग कर रहा सख्त कार्रवाई
डीटीओ ने बताया कि परिवहन विभाग द्वारा निर्धारित आयु पूरी कर चुके वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है। अब तक ऐसे 269 वाहनों को जब्त किया जा चुका है। इस कार्रवाई का उद्देश्य प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों के संचालन पर रोक लगाना और पर्यावरण संरक्षण सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि जिला परिवहन विभाग का उद्देश्य नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करने के साथ-साथ आमजन और ट्रांसपोर्टरों को प्रदूषण नियंत्रण के प्रति जागरूक करना तथा वायु गुणवत्ता में सुधार लाना है। दिल्ली में बीएस-6 से कम उत्सर्जन मानक वाले वाहनों के प्रवेश को लेकर एडवाइजरी जारी डीटीओ रवीश हुड्डा ने बताया कि परिवहन विभाग द्वारा लगाकर ट्रांसपोर्टरों को जागरूक किया जा रहा है। इसके साथ ही एडवाइजरी जारी कर निर्देशित किया गया है कि रविवार 1 नवंबर से बीएस -6 मानक से कम उत्सर्जन मानक वाले वाहन दिल्ली में प्रवेश न करें। ट्रांसपोर्टरों और वाहन संचालकों से अपील की गई है कि वे निर्धारित उत्सर्जन मानकों तथा दिल्ली में वाहनों के प्रवेश से संबंधित लागू दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदूषण नियंत्रण के लिए जांच अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेगा। वाहन चालकों से अपील की कि वे अपने वाहनों का वैध पीयूसीसी प्रमाणपत्र बनवाकर रखें, निर्माण सामग्री को तिरपाल से ढककर ले जाएं और पर्यावरण संरक्षण में सहयोग करें।