परिवहन विभाग की टीम ने तीन स्कूलों की बसों की जांच कर परिवर्तन पोर्टल पर कराया पंजीकरण
फरीदाबाद, 17 नवंबर। जिला में परिवर्तन स्कीम-2026 (BS-I, BS-II, BS-III एवं BS-IV श्रेणी के 9 वर्ष से अधिक पुराने वाहनों) को प्रभावी रूप से लागू करने तथा स्कूली बसों में निर्धारित सुरक्षा एवं प्रदूषण नियंत्रण मानकों की पालना सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला परिवहन विभाग की टीम द्वारा विभिन्न स्कूलों की बसों की जांच की गई।
इस अभियान के तहत जिला परिवहन अधिकारी एवं प्रादेशिक परिवहन प्राधिकरण के सचिव मुनीष सहगल के नेतृत्व में अरावली इंटरनेशनल स्कूल, सेक्टर-43 फरीदाबाद, अरावली इंटरनेशनल स्कूल, नहरपार तथा डीसी मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सेक्टर-9 फरीदाबाद की स्कूल बसों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान स्कूल बसों के प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण पत्र (PUC), परमिट, फिटनेस प्रमाण पत्र सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई। साथ ही परिवहन स्कीम के दायरे में आने वाली बसों का परिवर्तन पोर्टल पर पंजीकरण भी करवाया गया, ताकि योजना के प्रावधानों के अनुसार वाहनों का रिकॉर्ड सुनिश्चित किया जा सके। इस कार्रवाई के दौरान एडीटीओ हर्ष अग्धी, तहसीलदार बड़खल नेहा सारन तथा आरटीए कार्यालय से परिवहन निरीक्षक प्रवीण शर्मा, प्रदीप कुमार एवं नरेंद्र कुमार मौजूद रहे।