जनगणना के दूसरे चरण के लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दिया दो दिवसीय प्रशिक्षण
एचएलओ ऐप के माध्यम से हाउस लिस्टिंग एवं जनसंख्या गणना की प्रक्रिया की दी जानकारी
फरीदाबाद,
नगर निगम फरीदाबाद में जनगणना के दूसरे चरण के अंतर्गत जनसंख्या गणना से संबंधित कार्यों को सुचारू रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को एचएलओ ऐप (हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन ऐप) के उपयोग, कार्यप्रणाली तथा जनगणना से संबंधित आवश्यक प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
नगर निगम आयुक्त एवं मुख्य जनगणना अधिकारी यशेंद्र सिंह के दिशा-निर्देशों पर, एडिशनल कमिश्नर गौरव अंतिल के मार्गदर्शन तथा जॉइंट कमिश्नर अमित मान की देखरेख में आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनगणना विभाग के डीसीओ प्रशांत शर्मा और एडीसीओ हरियाणा कृष्ण कुमार ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशिक्षण प्रदान किया।
प्रशिक्षण के दौरान एचएलओ ऐप के माध्यम से जनगणना संबंधी आंकड़ों के संकलन, निर्धारित प्रक्रियाओं के पालन, डिजिटल माध्यम से जानकारी दर्ज करने तथा कार्य को निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरा करने के बारे में विस्तार से बताया गया। साथ ही, जनगणना कार्य के दौरान सटीक एवं त्रुटिरहित जानकारी दर्ज करने और निर्धारित जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करने पर भी जोर दिया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जनगणना कार्य में तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को तकनीकी रूप से सक्षम बनाना तथा उन्हें आधुनिक डिजिटल माध्यमों के प्रभावी उपयोग के लिए तैयार करना है। नगर निगम प्रशासन जनगणना कार्य को निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार पारदर्शी, व्यवस्थित एवं सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए प्रतिबद्ध है।