Voter List Update: फरीदाबाद में घर-घर होगा मतदाता सूची का सत्यापन, अधिकारी फील्ड में उतरकर करेंगे जांच
फरीदाबाद। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए. श्रीनिवास ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। इस दौरान निर्णय लिया गया कि अब अधिकारी स्वयं फील्ड में उतरकर पुनरीक्षण कार्य का प्रत्यक्ष निरीक्षण करेंगे।
उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची के अनुसार सभी मतदाताओं की सही पहचान और सटीक ट्रैकिंग सुनिश्चित करते हुए पात्र नागरिकों तक एन्यूमरेशन फार्म पहुंचाना प्राथमिकता होगी। साथ ही, इस पूरी प्रक्रिया के दौरान प्रत्येक मतदाता से जुड़ी हर जानकारी का सही और पुख्ता रिकॉर्ड दर्ज रखने के निर्देश दिए गए हैं।
फील्ड में जाना होगा
उनका कहना है कि अधिकारी केवल कार्यालयों में बैठकर काम की समीक्षा न करें, बल्कि फील्ड में जाकर प्रगति का निरीक्षण करें। मतदाताओं से संपर्क स्थापित करने और फार्म वितरण की प्रक्रिया की नियमित मानिटरिंग की जाए, जिससे कोई पात्र मतदाता प्रक्रिया से वंचित न रहे।
ट्रेनिंग कराने के दिए गए निर्देश
बीएलओ, बूथ लेवल एजेंटों और सुपरवाइजरों की ट्रेनिंग करवाने के निर्देश भी दिए। प्रशिक्षण में मतदाताओं की पहचान, एन्यूमरेशन फार्म वितरण, रिकार्ड संधारण और सत्यापन की प्रक्रिया समझाई जाएगी।
अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला उपायुक्त आयुष सिन्हा, एडीसी अंजलि श्रोत्रिया, एसडीएम बड़खल त्रिलोक चंद, एसडीएम फरीदाबाद डा. हनी बंसल और एसडीएम बल्लभगढ़ मयंक भारद्वाज सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।