{"vars":{"id": "91925:5179"}}

जनकल्याणकारी योजनाओं से जरूरतमंद परिवारों को मिल रहा आर्थिक संबल, बुजुर्गों और बेटियों को भी मिल रहा लाभ

जनकल्याणकारी योजनाओं से जरूरतमंद परिवारों को मिल रहा आर्थिक संबल, बुजुर्गों और बेटियों को भी मिल रहा लाभ
 

सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न सरकारी योजनाओं से लाभान्वित हो रहे नागरिक, लाभार्थियों ने जताया प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री का आभार

फरीदाबाद,

हरियाणा सरकार द्वारा आमजन को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने और पात्र नागरिकों को सरकारी सुविधाओं से जोड़ने के उद्देश्य से चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान-2026 के तहत जिले के अनेक नागरिक विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर रहे हैं। इन योजनाओं से लाभार्थियों को आर्थिक सहायता, सामाजिक सुरक्षा और धार्मिक यात्रा जैसी सुविधाएं मिल रही हैं। योजनाओं का लाभ मिलने पर लाभार्थियों ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी तथा हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त किया है।

फरीदाबाद के पटेल नगर निवासी संतोष कुमार सिंह को प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत मुफ्त राशन का लाभ मिल रहा है। इस योजना के माध्यम से पात्र परिवारों को खाद्य सुरक्षा उपलब्ध करवाने में सहायता मिल रही है। संतोष कुमार सिंह ने कहा कि मुफ्त राशन मिलने से परिवार की खाद्य संबंधी जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलती है। उन्होंने इस जनकल्याणकारी योजना के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया।

इसी प्रकार, सेक्टर-3 फरीदाबाद निवासी आमना खान को वृद्धावस्था सम्मान भत्ता योजना का लाभ मिल रहा है। इस योजना के माध्यम से बुजुर्गों को आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है, जिससे उन्हें अपनी दैनिक आवश्यकताओं को पूरा करने में मदद मिलती है। उन्होंने बुजुर्गों के हित में चलाई जा रही इस योजना के लिए केंद्र और हरियाणा सरकार का आभार व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत आनंद कुमार को नांदेड़ साहिब के दर्शन करने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि धार्मिक यात्रा से उन्हें आध्यात्मिक संतुष्टि प्राप्त हुई। उन्होंने इस सुविधा के लिए हरियाणा सरकार और मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी का धन्यवाद किया।

वहीं, सेक्टर-4 प्रेम नगर निवासी गुलिस्ता को आपकी बेटी हमारी बेटी योजना का लाभ मिला है। यह योजना बेटियों के कल्याण और उनके भविष्य को सुरक्षित करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने बेटियों के हित में चलाई जा रही इस योजना के लिए सरकार का आभार व्यक्त किया।

सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य सरकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाना, पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ना और यह सुनिश्चित करना है कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। जिले में विभिन्न विभागों के माध्यम से नागरिकों को योजनाओं की जानकारी देने तथा पात्रता के अनुसार लाभ प्राप्त करने में सहायता प्रदान की जा रही है।