जाखल में 1 करोड़ की धोखाधड़ी, दो और आरोपी काबू
एक करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के मामले में इकोनॉमिक सेल फतेहाबाद की कार्रवाई, दो अन्य सह-आरोपी काबू
जाखल / 11 अक्टूबर 2026 / योगेश खनेजा /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
धोखाधड़ी एवं आर्थिक अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत इकोनॉमिक सेल फतेहाबाद पुलिस ने व्यवसाय में मुनाफा दिलाने के नाम पर एक करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के मामले में कार्रवाई करते हुए दो अन्य सह-आरोपियों को काबू किया है। आरोपियों की पहचान मोहर सिंह पुत्र फौजा सिंह तथा जसवंत कौर पत्नी मोहर सिंह, दोनों निवासी गांव सनियाना, जिला फतेहाबाद के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को नियमानुसार कार्रवाई के उपरांत जमानत पर रिहा कर दिया है। इस मामले में पहले भी दो आरोपियों को काबू किया जा चुका है।
इकोनॉमिक सेल फतेहाबाद प्रभारी निरीक्षक जसवंत ने बताया कि गुरुद्वारा बस्ती, जाखल निवासी दिलबाग सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया था कि कुछ व्यक्तियों ने उसे व्यवसाय में निवेश करने पर मोटा मुनाफा दिलाने और निर्धारित समय में मूल राशि लौटाने का भरोसा दिलाया था। आरोपियों की बातों में आकर शिकायतकर्ता ने अपनी जमीन बेचकर विभिन्न बैंक खातों के माध्यम से 39 लाख रुपये तथा 61 लाख रुपये नकद दिए थे। शिकायत के अनुसार, बाद में आरोपियों ने वादे के मुताबिक राशि वापस नहीं लौटाई।
उन्होंने बताया कि शिकायत एवं जांच रिपोर्ट के आधार पर थाना जाखल में अभियोग संख्या 73 दिनांक 06.06.2026, धारा 316(2) व 318(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। मामले की जांच को आगे बढ़ाते हुए इकोनॉमिक सेल फतेहाबाद की टीम ने दो अन्य सह-आरोपियों को काबू किया है। मामले में आगामी जांच जारी है।