जाखल में 1 करोड़ की धोखाधड़ी, पांचवां आरोपी गिरफ्तार
एक करोड़ रुपये की धोखाधड़ी मामले में आर्थिक अपराध शाखा की कार्रवाई, पांचवां आरोपी गिरफ्तार
कारोबार में मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर रकम हड़पने का मामला, आरोपी साहब सिंह काबू
जाखल, 26 अक्टूबर योगेश खनेजा
आर्थिक धोखाधड़ी के मामलों में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए आर्थिक अपराध शाखा ने एक करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के मामले में पांचवें आरोपी साहब सिंह पुत्र सोहन सिंह निवासी भूना, जिला फतेहाबाद हाल पता गांव गुमथला, जिला कुरुक्षेत्र को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि कारोबार में निवेश कर मोटा मुनाफा दिलाने और एक वर्ष में मूल राशि वापस करने का भरोसा देकर शिकायतकर्ता से एक करोड़ रुपये लिए गए थे। आरोपी के खिलाफ कार्यवाही की जा रही है। पुलिस इस मामले में चार आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
आर्थिक अपराध शाखा प्रभारी निरीक्षक जसवंत ने बताया कि गुरुद्वारा बस्ती जाखल निवासी दिलबाग सिंह ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत देकर आरोप लगाया था कि मार्च 2024 में उसकी मुलाकात मलकीत सिंह निवासी सनियाना तथा साहब सिंह से हुई थी। दोनों ने पहले धार्मिक बातचीत और आर्थिक परेशानियों के समाधान का भरोसा दिलाकर उसका विश्वास हासिल किया। इसके बाद नेपाल सीमा के पास चल रहे कारोबार में निवेश करने का प्रस्ताव दिया और एक करोड़ रुपये लगाने पर प्रतिमाह आठ से नौ लाख रुपये की आमदनी होने तथा एक वर्ष में मूल रकम वापस मिलने का आश्वासन दिया।
शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपियों की बातों पर विश्वास करके उसने पंजाब में स्थित अपनी कृषि भूमि बेच दी। इसके बाद अक्टूबर 2024 में आरोपियों के बताए विभिन्न बैंक खातों में कुल 39 लाख रुपये जमा करवाए तथा शेष 61 लाख रुपये नकद दिए। शुरुआत में उसे कुछ राशि वापस भी मिली, लेकिन बाद में आरोपियों ने भुगतान बंद कर दिया और बकाया रकम लौटाने के लिए लगातार समय मांगते रहे।शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि बार-बार मांग करने के बावजूद उसकी रकम वापस नहीं की गई।इस संबंध में मुकदमा न073 दिनाँक 06.06.2026 को थाना जाखल में भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(2) , 61(2) व 318(4) के तहत अभियोग दर्ज किया गया।पुलिस ने बताया कि मामले की जांच के दौरान चार आरोपियों को पहले गिरफ्तार किया जा चुका है। अब कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए पांचवें आरोपी साहब सिंह को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी से धोखाधड़ी की रकम, बैंक खातों में हुए लेनदेन तथा मामले से जुड़े अन्य तथ्यों के संबंध में जांच की जा रही है। मामले की गहनता से जाँच जारी है।
फतेहाबाद पुलिस ने आमजन से अपील की है कि कम समय में अधिक मुनाफा दिलाने के लुभावने प्रस्तावों से सावधान रहें। किसी भी कारोबार में बड़ी रकम निवेश करने से पहले उसकी विश्वसनीयता और संबंधित दस्तावेजों की पूरी जांच अवश्य करें।