जाखल धान खरीद: डीसी सख्त, रास्ता खोलने की डेडलाइन तय
जाखल में धान खरीद और रास्ते के मुद्दे पर डीसी सख्त, गुरुवार शाम तक अस्थायी मार्ग चालू करने का दावा
औसत से अधिक पैदावार वाले किसानों को मंडी सचिव के पास देना होगा लिखित आवेदन
जाखल 21अक्टूबर योगेश खनेजा
धान खरीद सीजन के दौरान फतेहाबाद के जाखल में किसानों के सामने खड़ी दो बड़ी चुनौतियों को लेकर बुधवार को प्रशासनिक गतिविधियां तेज रहीं। जिला उपायुक्त डॉ. विवेक भारती ने बुधवार को जाखल अनाज मंडी में पहुंचकर धान खरीद और उठान व्यवस्था का निरीक्षण किया। इसके साथ ही उन्होंने रेलवे ओवरब्रिज और अंडरब्रिज निर्माण के कारण बंद मुख्य रास्ते के विकल्प के तौर पर तलवाड़ा की ओर बनाए जा रहे अस्थायी मार्ग का भी जायजा लिया। मंडी में किसानों को खरीद प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी दी गई, वहीं रास्ते के निर्माण में लगातार हो रही देरी के बीच वीरवार शाम तक मार्ग तैयार कर चालू करने का दावा किया गया है। किसानों ने स्पष्ट कर दिया है कि तय समय सीमा तक रास्ता नहीं खुला तो शुक्रवार को बैठक कर अगला सख्त कदम उठाया जाएगा।
औसत से अधिक धान होने पर अपनानी होगी प्रक्रिया
अनाजमंडी के निरीक्षण के दौरान डीसी ने किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और खरीद व्यवस्था की स्थिति के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि धान की खरीद सरकार की निर्धारित हिदायतों के अनुसार न्यूनतम समर्थन मूल्य पर की जाएगी। जिन किसानों की प्रति एकड़ पैदावार निर्धारित औसत से अधिक है, उन्हें इसके लिए संबंधित मंडी सचिव के पास लिखित आवेदन देना होगा। आवेदन मिलने के बाद नियमानुसार सत्यापन किया जाएगा और प्रक्रिया पूरी होने पर पात्र किसानों की अतिरिक्त उपज की खरीद सुनिश्चित की जाएगी।
प्रशासन का कहना है कि ऐसे मामलों का समय पर निपटारा किया जाना जरूरी है, ताकि किसानों को अपनी फसल बेचने के लिए बार-बार मंडी के चक्कर न लगाने पड़ें। डीसी ने खरीद एजेंसियों और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि खरीद प्रक्रिया को सुचारु बनाए रखा जाए और किसानों की समस्याओं को प्राथमिकता से हल किया जाए।
धान उठान में तेजी लाने के निर्देश
मंडी में खरीदी गई फसल का समय पर उठान सुनिश्चित करना भी प्रशासन के लिए महत्वपूर्ण चुनौती है। यदि उठान में देरी होती है तो मंडी में धान का ढेर बढ़ने से नई फसल लाने वाले किसानों को जगह की कमी का सामना करना पड़ सकता है। इसी को देखते हुए डीसी ने संबंधित अधिकारियों को उठान कार्य की सुबह और शाम नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उठान में किसी प्रकार की रुकावट आने पर उसे तुरंत दूर किया जाए। खरीद एजेंसियां, ठेकेदार और मंडी प्रबंधन आपसी तालमेल से काम करें, ताकि किसानों की फसल की खरीद और उठान दोनों प्रभावित न हों।
वीरवार शाम तक काम पूरा करने का दावा
बुधवार को डीसी डॉ. विवेक भारती ने तलवाड़ा की ओर बन रहे अस्थायी रास्ते का निरीक्षण किया और रेलवे अधिकारियों से निर्माण कार्य की प्रगति पर बातचीत की। निरीक्षण के बाद गुरुवार शाम तक रास्ता तैयार कर चालू करने का दावा किया गया। अब किसानों की नजर इस समय सीमा पर टिकी है, क्योंकि रास्ता चालू होने से मंडी तक पहुंचने में आ रही दिक्कतों से राहत मिलने की उम्मीद है। किसानों ने साफ किया है कि वे वीरवार शाम तक इंतजार करेंगे। यदि इस बार भी रास्ता तैयार नहीं हुआ तो शुक्रवार को बैठक बुलाकर आंदोलन की अगली रणनीति तय की जाएगी। ऐसे में आने वाला समय जाखल के किसानों और प्रशासन दोनों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।