जाखल में रेलवे रास्ते पर फिर अटका काम, किसानों का फूटा गुस्सा
जाखल में रेलवे रास्ते पर फिर अटका काम, किसानों का फूटा गुस्सा; 20 अक्टूबर तक का अल्टीमेटम, नहीं खुला रास्ता तो 21 को आंदोलन की चेतावनी
जाखल 16 अक्तूबर योगेश खनेजा
इन दिनों किसानों की धान की फसल खेतो में पककर तेयार खड़ी है, वही अब फसल को मंडी तक पहुंचाने के लिए जाखल में रेलवे की और से बनाए जा रहे अस्थायी रेलवे फाटक का काम तय समय सीमा में पूरा नहीं होने से किसानों में रोष बढ़ता जा रहा है। किसानों को उम्मीद थी कि 15 अक्टूबर तक निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा और 16 अक्टूबर तक रास्ता खोल दिया जाएगा, लेकिन निर्धारित समय सीमा बीतने के बाद भी रास्ता तैयार नहीं हो पाया। शुक्रवार को एसडीएम टोहाना आकाश शर्मा ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान रेलवे कर्मचारियों की ओर से काम पूरा करने के लिए पांच से सात दिन का अतिरिक्त समय मांगे जाने पर किसान नाराज हो गए और उन्होंने रेलवे प्रशासन के सामने अपना रोष जताया। बता दें केि इससे पहले जिला उपायुक्त डॉ विवेक भारती ने जाखल पहुंच कर रेलवे व किसानो के साथ बैठक करते हुए 15 अक्तूबर तक का समय दिया गया था, जिसके बादजूद भी रेलवे अपना काम पूरा न कर सका, आज किसानो का गुस्सा उस समय सातवे आसमान पर पहुंच गया जब रेलवे ने दोबारा से 7 दिन के समय की मांग की। वही इस दौरान मौके पर किसान लाभ सिंह, नसीब सिंह, नवजोत सिंह, नानक सिंह, गमदुर सिंह सहित भारी संख्या में किसान उपस्थित थे। किसानों का कहना था कि रेलवे प्रशासन बार-बार समय सीमा बढ़ा रहा है, लेकिन काम निर्धारित समय पर पूरा नहीं हो रहा। किसानों ने कहा कि धान की फसल पककर तैयार है और किसान कटाई की तैयारी में जुटे हैं। ऐसे में यदि बारिश होती है तो खेतों में खड़ी फसल के साथ मंडियों में खुले में रखे धान को भी नुकसान पहुंच सकता है। किसानों को अपनी फसल समय पर मंडी तक पहुंचानी है, लेकिन अस्थायी रास्ता तैयार नहीं होने के कारण उन्हें अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है। इससे समय और आर्थिक नुकसान की चिंता भी बढ़ रही है।
बार-बार समय देने पर किसानों ने जताई नाराजगी
निरीक्षण के दौरान रेलवे कर्मचारियों ने निर्माण कार्य पूरा करने के लिए पांच से सात दिन का समय मांगा तो किसान भड़क गए। किसानों ने रेलवे प्रशासन के प्रति नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि अधिकारी बार-बार समय तो मांग रहे हैं, लेकिन अपनी तय समय सीमा पर खरे नहीं उतर रहे। किसानों ने स्पष्ट किया कि धान का सीजन चल रहा है और अब वे लंबे समय तक इंतजार नहीं कर सकते। किसानों की परेशानी को देखते हुए मौके पर प्रशासन, रेलवे अधिकारियों और किसानों के बीच बातचीत हुई।
20 अक्टूबर तक काम पूरा करने पर सहमति
बातचीत के बाद सहमति बनी कि रेलवे प्रशासन 20 अक्टूबर तक अस्थायी रास्ते का काम हर हाल में पूरा करेगा। एसडीएम आकाश शर्मा ने किसानों को बताया कि रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों से निर्माण कार्य की स्थिति की जानकारी ली गई है और रेलवे की ओर से पांच दिन में काम पूरा करने की बात कही गई है। किसानों को भी आश्वस्त किया गया है कि 20 अक्टूबर तक रास्ते का काम पूरा कर दिया जाएगा।
वही इस मामले में किसानों ने स्पष्ट किया कि यदि 20 अक्टूबर तक रास्ता तैयार नहीं हुआ तो वे 21 अक्टूबर को आंदोलन की अगली रूपरेखा तैयार करेंगे। अब रेलवे प्रशासन के सामने तय समय सीमा में निर्माण कार्य पूरा करने की चुनौती है। किसानों की नजर 20 अक्टूबर की समय सीमा पर टिकी है। रास्ता समय पर नहीं खुलने की स्थिति में जाखल में आंदोलन तेज होने की संभावना है।