जाखल में 36 MM बारिश से धान बर्बाद, अब मुआवजा मिलेगा?
जिले में सर्वाधिक 36 एमएम बारिश से जाखल पानी से तरबतर
अनाज मंडी में पानी में भीगी धान की फसल, खेतों में खड़ी पककर तैयार फसल को भी नुकसान; निचले इलाकों में जलभराव
जाखल, 15 अक्टूबर, योगेश खनेजा।
वीरवार सुबह जाखल क्षेत्र में हुई तेज बारिश ने किसानों की परेशानी बढ़ा दी। जिले में सर्वाधिक 36 एमएम बारिश जाखल में दर्ज होने से अनाज मंडी में बिक्री के लिए लाई गई धान की फसल पानी में भीगकर खराब हो गई। वहीं, खेतों में पककर तैयार खड़ी धान की फसल को भी नुकसान पहुंचा है। बारिश के कारण जाखल अनाज मंडी, बैंक रोड, मॉडल टाउन, जगन्नाथ कॉलोनी सहित कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
मंडी में पानी में भीगी धान, किसानों की बढ़ी चिंता
जाखल अनाज मंडी में किसानों की बिक्री के लिए लाई गई धान की फसल बारिश के पानी में भीग गई। किसानों के अनुसार, खरीद एजेंसियों द्वारा खरीदी गई धान के लिए बारदाना समय पर उपलब्ध नहीं होने के कारण धान मंडी में पड़ी रही। ऐसे में सुबह हुई बारिश से धान की बोरियों और खुले में पड़ी फसल के खराब होने की आशंका बढ़ गई है। पहले से ही खरीद और उठान संबंधी समस्याओं से जूझ रहे किसानों के लिए बारिश ने नई मुश्किल खड़ी कर दी है।
निचले इलाकों में जलभराव, लोगों को हुई परेशानी
अल सुबह हुई तेज बारिश से जाखल के कई क्षेत्रों में पानी जमा हो गया। अनाज मंडी के अलावा बैंक रोड, मॉडल टाउन और जगन्नाथ कॉलोनी सहित अन्य निचले इलाकों में जलभराव देखने को मिला। सड़कों और गलियों में पानी जमा होने से आवागमन करने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
खेतों में तैयार खड़ी धान की फसल को भी नुकसान
बारिश का असर केवल अनाज मंडी तक सीमित नहीं रहा, बल्कि खेतों में पककर तैयार खड़ी धान की फसल भी प्रभावित हुई है। किसानों को आशंका है कि खेतों में पानी जमा होने और फसल के भीगने से उत्पादन एवं गुणवत्ता पर असर पड़ सकता है। इससे किसानों की आर्थिक चिंता बढ़ गई है।
किसानों ने गिरदावरी करवाकर मुआवजा देने की मांग की
क्षेत्र के किसान जग्गी महल, निर्मल सिंह बूटा सिंह सहित अन्य किसानों ने प्रदेश सरकार और संबंधित प्रशासन से बारिश के कारण हुए नुकसान का आकलन करवाने के लिए विशेष गिरदावरी करवाने की मांग की है। किसानों का कहना है कि मंडी में पड़ी धान और खेतों में खड़ी फसल को हुए नुकसान का उचित आकलन किया जाए तथा प्रभावित किसानों को नियमानुसार मुआवजा देकर राहत प्रदान की जाए।