जाखल में रास्ता खुला, रेलवे ट्रैक जाम की चेतावनी का असर
किसानों, व्यापारियों और ट्रांसपोर्टरों के संघर्ष की जीत, जाखल में अस्थाई रास्ता शुरू
रेलवे ट्रैक जाम करने की चेतावनी के बाद हरकत में आया रेलवे विभाग, रास्ता खुलने पर किसानों ने लड्डू बांटकर मनाई खुशी
जाखल, 24 अक्टूबर, योगेश खनेजा।
जाखल क्षेत्र के लोगों को रेलवे लाइन के कारण लंबे समय से पेश आ रही आवागमन की समस्या से आखिरकार राहत मिल गई है। किसान संगठनों, व्यापारियों, ट्रांसपोर्टरों और अन्य क्षेत्रवासियों के लंबे संघर्ष के बाद शनिवार सुबह रेलवे विभाग ने अस्थाई रास्ते को आवागमन के लिए खोल दिया। रास्ता शुरू होने की सूचना मिलते ही किसान संगठनों में खुशी की लहर दौड़ गई। किसानों ने एक-दूसरे को बधाई दी, लड्डू बांटकर खुशी जाहिर की और रास्ता खुलवाने में सहयोग देने वाले जिला प्रशासन के अधिकारियों का आभार जताया।
गौरतलब है कि जाखल में रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) और अंडरब्रिज (आरयूबी) के निर्माण कार्य के चलते क्षेत्रवासियों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। किसानों, व्यापारियों, ट्रांसपोर्टरों, मजदूरों और आम लोगों की परेशानी को देखते हुए किसान संगठनों सहित विभिन्न वर्गों द्वारा लंबे समय से अस्थाई रास्ता शुरू करने की मांग उठाई जा रही थी।
शुक्रवार को रास्ता नहीं खुलने पर किसानों ने किया रेलवे ट्रैक जाम
शुक्रवार को रेलवे विभाग की ओर से अस्थाई रास्ता शुरू किए जाने की उम्मीद थी। किसान दोपहर ढाई बजे तक रास्ता खुलने का इंतजार करते रहे, लेकिन रास्ता शुरू नहीं होने से उनमें रोष बढ़ गया। इसके बाद किसान संगठनों ने शाम करीब चार बजे रेलवे ट्रैक पर पहुंचकर जाम लगा दिया। इसके चलते दिल्ली से श्रीगंगानगर और हिसार से लुधियाना की ओर जाने वाली यात्री गाड़ियों को करीब आधे घंटे तक रोकना पड़ा।
रेलवे ट्रैक जाम होने की सूचना मिलने पर जाखल थाना प्रभारी बलराज सिंह और आरपीएफ प्रभारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसानों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन किसान अपनी मांग पर अडिग रहे। इसके बाद डीएसपी टोहाना जय भगवान भी मौके पर पहुंचे और किसानों से बातचीत की। उनके प्रयासों के बाद रेलवे स्टेशन पर रुकी दोनों यात्री गाड़ियों को उनके गंतव्य की ओर रवाना करवाया गया।
अधिकारियों के साथ बैठक में नहीं निकला समाधान
इसके बाद डीएसपी जय भगवान, आरपीएफ प्रभारी और रेलवे विभाग के अधिकारियों के साथ किसान संगठनों की करीब एक घंटे तक बैठक चली, लेकिन अस्थाई रास्ता शुरू करने को लेकर कोई ठोस निर्णय नहीं हो सका। बैठक समाप्त होने के बाद किसान संगठनों ने रेलवे विभाग को चेतावनी दी कि यदि शनिवार सुबह नौ बजे तक रास्ता शुरू नहीं किया गया तो वे दोबारा रेलवे ट्रैक जाम कर रेलगाड़ियों का आवागमन रोकने के लिए मजबूर होंगे।
शनिवार सुबह रास्ता खुलते ही किसानों ने बांटे लड्डू
किसान संगठनों की चेतावनी और रेलवे ट्रैक जाम होने की संभावना को देखते हुए रेलवे विभाग के उच्च अधिकारियों ने तत्परता दिखाते हुए शनिवार सुबह ही तैयार किए गए अस्थाई रास्ते को खोलने के आदेश जारी कर दिए। रास्ता शुरू होने की सूचना मिलते ही किसानों ने राहत की सांस ली और अपने सहयोगियों के साथ लड्डू बांटकर खुशी मनाई।
इस दौरान उपमंडल अधिकारी टोहाना आकाश शर्मा, डीएसपी नर सिंह, जाखल थाना प्रभारी बलराज सिंह सहित पुलिस बल भी मौजूद रहा। किसान संगठनों ने रास्ता शुरू करवाने में सहयोग देने के लिए जिला प्रशासन और संबंधित अधिकारियों का धन्यवाद किया।
अस्थाई रास्ता शुरू होने से जाखल क्षेत्र के लोगों को आवागमन में राहत मिलने की उम्मीद है। किसानों, व्यापारियों, ट्रांसपोर्टरों और अन्य वर्गों ने इसे लंबे संघर्ष के बाद मिली बड़ी सफलता बताते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही उनकी मांग पूरी हो सकी है।