{"vars":{"id": "91925:5179"}}

हरियाणा में गर्भवती महिलाओं के लिए अच्छी खबर, एमरजेंसी में प्राइवेट अस्पतालों में मिलेगी मुफ्त इलाज की सुविधा

हरियाणा में गर्भवती महिलाओं के लिए अच्छी खबर, एमरजेंसी में प्राइवेट अस्पतालों में मिलेगी मुफ्त इलाज की सुविधा
 

हरियाणा में स्वास्थ्य सेवाओं का बुनियादी ढांचा मजबूत करने की दिशा में निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में सूबे की नायब सैनी सरकार ने गर्भवती महिलाओं के हित में एक और बड़ा फैसला लेते हुए बड़ी राहत पहुंचाने का काम किया है। सरकार के इस फैसले से एमरजेंसी में गर्भवती महिलाओं को इलाज के लिए इधर-उधर नहीं भटकना पड़ेगा।

प्राइवेट अस्पतालों में मिलेगी इलाज की सुविधा

प्रदेश सरकार के इस फैसले के मुताबिक, अब गर्भवती महिलाएं आपातस्थिति मे प्राइवेट अस्पतालों में भी भर्ती कराई जा सकेगी। गंभीर परिस्थितियों में समय बचाने के लिए प्रत्येक महिला को उसकी जोखिम श्रेणी के अनुसार उपयुक्त स्वास्थ्य सुविधा केंद्र से टैग किया जाएगा, जिसमें लाभार्थी के अनुरोध पर निजी स्वास्थ्य केंद्र भी शामिल हो सकते हैं।

इससे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों से होने वाले अनावश्यक बहुस्तरीय रेफरल रुकेंगे और आपात स्थिति में सही स्तर की देखभाल तुरंत मिल सकेगी। स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने मातृ मृत्यु दर और नवजात मृत्यु दर को कम करने के लिए सोमवार को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन द्वारा प्रस्तावित 'समृद्धि' (सुरक्षित मातृत्व और बाल स्वास्थ्य पहल) योजना का शुभारंभ करते हुए यह जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि समृद्धि एक तकनीक संचालित प्रणाली है जो राज्य में गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं की निरंतर ट्रैकिंग करेगी।