हरियाणा के गुरुग्राम में सभी पार्क और सार्वजनिक जगहें नो स्मोकिंग जोन घोषित, सिगरेट पीने पर लगेगा जुर्माना
हरियाणा के गुरुग्राम में सभी पार्क और सार्वजनिक जगहें नो स्मोकिंग जोन घोषित, सिगरेट पीने पर लगेगा जुर्माना
Nov 23, 2026, 17:44 IST
हरियाणा के गुरुग्राम नगर निगम (MCG) ने शहर में सार्वजनिक स्थानों और पार्कों में धूम्रपान पर सख्ती करने के लिए नया आदेश जारी किया है। नगर निगम आयुक्त की ओर से जारी आदेश के अनुसार, नगर निगम क्षेत्र के सभी सार्वजनिक स्थान, पार्क, ग्रीन बेल्ट, खेल मैदान और खुले जिम को 'नो स्मोकिंग जोन' घोषित किया गया है। इस आदेश के तहत सार्वजनिक जगहों पर सिगरेट, बीड़ी, सिगार और अन्य तंबाकू उत्पादों का सेवन करने तथा सिगरेट-बीड़ी के टुकड़े फेंकने पर कार्रवाई की जाएगी। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। ## किन जगहों पर धूम्रपान करना प्रतिबंधित रहेगा? नगर निगम गुरुग्राम के आदेश के अनुसार निम्न स्थानों को नो स्मोकिंग जोन घोषित किया गया है: - सभी सार्वजनिक स्थान, बाजार और बस स्टॉप/बस स्टैंड - सार्वजनिक वाहन - नगर निगम के सभी पार्क और ग्रीन बेल्ट - खेल मैदान और ओपन जिम - पार्कों में बने शेड, गजिबो और अन्य ढकी हुई जगहें - नगर निगम कार्यालय - कम्युनिटी सेंटर - लाइब्रेरी - डिस्पेंसरी - पार्किंग स्थल - सार्वजनिक शौचालय परिसर ## नियम तोड़ने पर लगेगा जुर्माना आदेश के अनुसार, सार्वजनिक स्थानों पर सिगरेट, बीड़ी, सिगार या अन्य तंबाकू उत्पाद पीने अथवा उनके टुकड़े फेंकने पर कार्रवाई की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यक्ति पर संबंधित कानून के तहत 200 रुपये तक जुर्माना लगाया जा सकता है। सिगरेट और बीड़ी के टुकड़े फेंककर गंदगी फैलाने वालों पर ठोस कचरा प्रबंधन नियम 2026 और नगर निगम के उपनियमों के तहत भी कार्रवाई होगी। वहीं, बार-बार नियम तोड़ने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ हरियाणा नगर निगम अधिनियम 1994 के तहत कार्रवाई की जा सकती है। ## 15 दिन के भीतर लगाए जाएंगे नो स्मोकिंग बोर्ड नगर निगम के संयुक्त आयुक्त, मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सैनिटेशन) और हॉर्टिकल्चर विंग को अपने-अपने क्षेत्रों और पार्कों में आदेश का पालन सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई है। संबंधित अधिकारियों को 15 दिनों के भीतर नो स्मोकिंग जोन के बोर्ड लगाने के निर्देश भी दिए गए हैं। नगर निगम का यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा।