Gurugram के जिला अस्पताल में शुरू हुई अमृत फार्मेसी, अब महंगी दवाइयां मिलेंगी सस्ते दामों पर
गुरुग्राम। गंभीर बीमारियों के उपचार में इस्तेमाल होने वाली कई महंगी दवाइयां अब मरीजों को बाजार के मुकाबले 50 से 70 प्रतिशत तक कम कीमत पर मिल सकेंगी। सेक्टर-10 स्थित जिला नागरिक अस्पताल में शुक्रवार से अमृत फार्मेसी की शुरुआत हो गई है, जहां कैंसर, ट्यूमर और हृदय रोग सहित अन्य गंभीर बीमारियों की दवाइयां उपलब्ध रहेंगी। लघु सचिवालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित कार्यक्रम में विधायक मुकेश शर्मा ने इस फार्मेसी का उद्घाटन किया। इस अवसर पर मेयर राजरानी मल्होत्रा और हरियाणा डेयरी विकास सहकारी प्रसंघ के चेयरमैन रामअवतार गर्ग भी मौजूद रहे।
इलाज का आर्थिक बोझ होगा कम
विधायक मुकेश शर्मा ने कहा कि अमृत फार्मेसी आमजन को किफायती दरों पर गुणवत्तापूर्ण दवाइयां उपलब्ध कराने की एक महत्वपूर्ण पहल है। कम कीमत पर दवाइयां मिलने से मरीजों और उनके परिजनों पर पड़ने वाला इलाज का आर्थिक बोझ कम होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस फार्मेसी का लाभ केवल अस्पताल में भर्ती या उपचार कराने वाले मरीजों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि जिले के किसी भी हिस्से से लोग यहां आकर दवाइयां खरीद सकेंगे।
वहीं, मेयर राजरानी मल्होत्रा ने इसे स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ और किफायती बनाने की दिशा में बड़ा कदम बताया। कार्यक्रम के दौरान यमुनानगर से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव के राज्यस्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी किया गया।
इस अवसर पर एडीसी सोनू भट्ट, सीएमओ डॉ. वीरेंद्र बसवाना, पीएमओ डॉ. नीना गठवाल, डीएमएस डॉ. हिमानी और डॉ. मनीष राठी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
5 हजार से अधिक तरह के उत्पाद मिलेंगे
स्वास्थ्य विभाग की योजना के अनुसार अमृत फार्मेसी में पांच हजार से अधिक प्रकार के चिकित्सा उत्पाद उपलब्ध होंगे। इनमें जीवनरक्षक दवाइयों के अलावा विभिन्न बीमारियों की दवाइयां, चिकित्सा उपकरण और अन्य जरूरी सामग्री शामिल होगी। इससे मरीजों को अलग-अलग मेडिकल स्टोर के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।