Gau Seva: मरते हुए गोवंश को मिल रहा नया जीवन, गौशालाएं बनीं बेजुबानों का सहारा!
गुरुग्राम। सड़क पर घायल अवस्था में पड़े बेजुबान गोवंश की मदद के लिए जब कोई स्थानीय व्यक्ति आगे आता है, तो उन जीवों के लिए जिंदगी की एक नई राह खुल जाती है। साइबर सिटी में ऐसे ही घायल और बेसहारा गोवंश को नगर निगम कर्मियों, पुलिस, स्वयंसेवी संस्थाओं और गोशालाओं के संयुक्त प्रयास से नया जीवन मिल रहा है।
स्थानीय लोगों से सूचना मिलते ही निगमकर्मी और गोसेवक सड़क किनारे घायल या लाचार हालत में पड़े गोवंश को रेस्क्यू कर गोशालाओं तक पहुंचाते हैं। वहां उचित चिकित्सा, पौष्टिक भोजन और नियमित देखभाल के जरिए उन्हें पूरी तरह स्वस्थ करने का प्रयास किया जाता है।
कार्टरपुरी स्थित कामधेनु धाम गोशाला में शंखपुष्पी, पृथ्वी और नैनी ऐसी ही गायें हैं, जिन्हें सड़क किनारे गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिलने के बाद नगर निगम की टीम यहां लेकर आई थी। बेहतर इलाज और देखरेख की बदौलत अब ये गायें पूरी तरह स्वस्थ हैं और गोशाला में अन्य गोवंश के साथ खुशी-खुशी रह रही हैं।
गोशाला के अध्यक्ष एवं हरियाणा गोसेवा आयोग के पूर्व उपाध्यक्ष पूरन यादव लोहचब के अनुसार, यहां गोवंश की सेवा के लिए पशु चिकित्सकों, ग्वालों और पौष्टिक चारे की पूरी व्यवस्था उपलब्ध है। इसके साथ ही प्रत्येक गोवंश की जियो-टैगिंग कर उसका डिजिटल रिकॉर्ड भी रखा जाता है। गोशाला के इस परिवार में नंदू और डीसी जैसे प्यारे नामों वाले नंदी भी शामिल हैं।
पुलिस ने बचाया, गोसेवा धाम में मिला आश्रय
गाड़ौली खुर्द स्थित माधव गोसेवा धाम में भी बेसहारा गोवंशियों की देखभाल की जा रही है। किराये की जमीन पर संचालित इस गोशाला में पुलिस की कार्रवाई के दौरान बचाए गए गोवंशियों को आश्रय दिया गया है। गोशाला प्रबंधन के अनुसार, गोवंशियों के जन्म की तिथि के आधार पर उनका नामकरण होता है।
गायों और बछड़ों की देखभाल के साथ उनके लिए सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जाता है। आसपास के लोग भी गोशाला से जुड़े हुए हैं और जन्मदिन, वैवाहिक वर्षगांठ जैसे अवसरों पर पहुंचकर गोसेवा करते हैं।
जिले में गोशालाओं की स्थिति
- 18 गोशालाएं जिले में पंजीकृत सूची में शामिल।
- 14,893 गोवंशी विभागीय सूची में दर्ज।
- 3,278 गोवंशी फरुखनगर की श्री गौशाला में सबसे अधिक।
- 1,873 गोवंशी कार्टरपुरी स्थित कामधेनु धाम में दर्ज।
- 1,729 गोवंश गुरुग्राम की श्री गुड़गांव गौशाला सभा में दर्ज।
बेजुबानों को बचाने के लिए प्रशासनिक प्रयासों के साथ सामाजिक भागीदारी भी जरूरी है। किसी बेसहारा गोवंशी की सूचना देना और उसे सुरक्षित स्थान तक पहुंचाना भी उसके जीवन को बचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। - सतीष कुमार तायल, संचालक, माधव गोसेवा धाम, गाड़ौली खुर्द