Delhi-Gurugram Traffic Alert: RTR फ्लाईओवर की एक लेन बंद, दिल्ली जाने वाले इन वैकल्पिक रास्तों से निकलें
गुरुग्राम: राजधानी दिल्ली में पुराने राव तुला राम (RTR) फ्लाईओवर की सड़क पर दो जगहों पर खतरनाक दरारें (Cracks) सामने आने के बाद प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर एयरपोर्ट से वसंत विहार की ओर जाने वाली एक लेन को पूरी तरह बंद कर दिया है। इस तकनीकी खामी और जाम की स्थिति को देखते हुए गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने भी दिल्ली जाने वाले वाहन चालकों के लिए एक विस्तृत ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है।
धौला कुआं की तरफ डायवर्ट किया गया ट्रैफिक
दिल्ली में जयपुर से दिल्ली की ओर आने वाले मार्ग पर राव तुला राम फ्लाईओवर के ऊपर से गुजरने वाले वाहनों को फिलहाल वसंत विहार की बजाय धौला कुआं की तरफ डायवर्ट किया गया है। ट्रैफिक पुलिस ने दिल्ली जाने वाले सभी वाहन चालकों से अनुरोध किया है कि वे जाम और असुविधा से बचने के लिए निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें।
दिल्ली जाने के लिए ये हैं प्रमुख वैकल्पिक मार्ग
यदि आप गुरुग्राम या आसपास के इलाकों से दिल्ली जाने की योजना बना रहे हैं, तो ट्रैफिक पुलिस द्वारा सुझाए गए इन रास्तों का चयन कर सकते हैं:
एनएच-48 - केएमपी के रास्ते दिल्ली जाएं।
एनएच-48 - नरसिंहपुर क्लोवरलीफ - द्वारका एक्सप्रेसवे के रास्ते दिल्ली जाएं।
घाटा टी-पॉइंट - ग्वाल पहाड़ी - मांडी बॉर्डर के रास्ते दिल्ली जाएं।
इफको चौक - एमजी रोड – आया नगर बॉर्डर व बंधवाड़ी टोल के रास्ते दिल्ली जाएं।
राजीव चौक - सोहना - बल्लभगढ़ के रास्ते दिल्ली जाएं।
रजोकरी फ्लाईओवर से आगे UER-II के रास्ते दिल्ली जाएं।
उद्योग विहार - UER II के रास्ते दिल्ली जाएं।
यात्रियों और वाहन चालकों के लिए जरूरी निर्देश
केवल एयरपोर्ट जाने वालों के लिए छूट: जो यात्री केवल एयरपोर्ट (IGI Airport) जाना चाहते हैं, वे वाहन NH-48 के रास्ते महिपालपुर जाने वाले सड़क मार्ग का प्रयोग कर सकते हैं।
अन्य चालकों के लिए सलाह: महिपालपुर की ओर जाने वाले अन्य सभी वाहन चालक ऊपर दिए गए वैकल्पिक मार्गों का ही प्रयोग करें, ताकि वे समय पर अपने गंतव्य तक पहुंच सकें।
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा की योजना पहले से बनाएं, ट्रैफिक नियमों का पालन करें और पुलिसकर्मियों के निर्देशों के मुताबिक सहयोग करें।