{"vars":{"id": "91925:5179"}}

गुरुग्राम में बड़ी कार्रवाई: 80 लंबित चालान और 2,60,000 रुपये जुर्माना बकाया होने पर मोटरसाइकिल इंपाउंड

गुरुग्राम में 80 लंबित चालान और 2,60,000 रुपये जुर्माना बकाया होने पर यातायात पुलिस ने मोटरसाइकिल इंपाउंड की।
 

गुरुग्राम यातायात पुलिस द्वारा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध लगातार विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। इस अभियान के तहत लंबे समय से लंबित चालानों का भुगतान न करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम, 1988 के प्रावधानों के अनुसार नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। साथ ही वाहन चालकों को उनके लंबित चालानों की जानकारी देकर समय पर भुगतान करने के लिए भी जागरूक किया जा रहा है।

  • गुरुग्राम ट्रेफिक पुलिस के द्वारा मोटरसाइकिल को किया गया इंपाउंड
  • चालक दस्तावेज दिखाने में रहा असमर्थ
  • 80 चालान लंबित और 2,60,000 रुपये जुर्माना बकाया

नियमित जांच अभियान के दौरान पकड़ी गई मोटरसाइकिल

मंगलवार को जोनल अधिकारी अग्रसेन चौक, सहायक उप निरीक्षक प्रीतम द्वारा अपनी टीम के साथ नियमित वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। जांच के दौरान एक मोटरसाइकिल को रोककर उसके दस्तावेज दिखाने को कहा गया। परंतु चालक कोई भी दस्तावेज पेश नहीं कर पाया। तत्पश्चात जांच में पाया गया कि उक्त मोटरसाइकिल पर मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की विभिन्न धाराओं के तहत कुल 80 चालान लंबित हैं।

80 लंबित चालान और 2,60,000 रुपये का भारी जुर्माना

इन लंबित चालानों की कुल जुर्माना राशि 2,60,000 रुपये है। इनमें अधिकांश चालान बिना हेल्मेट, बिना पॉल्यूशन तथा बिना नंबर प्लेट सहित अन्य कुल 80 चालान लंबित पाए गए। लंबित चालानों के कारण नियमानुसार कार्रवाई करते हुए गुरुग्राम यातायात पुलिस द्वारा उक्त मोटरसाइकिल को इंपाउंड कर निर्धारित पार्किंग में खड़ा कराया गया।

यातायात पुलिस की वाहन चालकों से अपील

गुरुग्राम यातायात पुलिस सभी वाहन चालकों से अपील करती है कि वे यातायात नियमों का पालन करें। वाहन चालकों को अपने वाहनों के सभी आवश्यक दस्तावेज जैसे वैध बीमा, प्रदूषण प्रमाण-पत्र एवं अन्य आवश्यक कागजात अद्यतन रखने चाहिए। साथ ही लंबित चालानों का समय पर भुगतान सुनिश्चित करना चाहिए। यातायात नियमों का पालन आपकी एवं अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक है।