Gurugram Water Crisis: पानी की बूंद-बूंद को तरसे लोग, शिकायतों के बाद भी नहीं जागा प्रशासन!
गुरुग्राम। गुरुग्राम के हरिनगर इलाके में गहराए जल संकट से गुस्साए स्थानीय लोगों का सब्र आखिरकार टूट गया और उन्होंने बसई रोड पर चक्का जाम कर दिया। सड़क पर उतरे सैकड़ों महिलाओं और पुरुषों ने धरने पर बैठकर जोरदार नारेबाजी की, जिससे मार्ग पर यातायात प्रभावित हुआ।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पिछले चार दिनों से उनके घरों में पानी की एक बूंद भी नहीं आई है, जिससे दैनिक कार्य बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं। लोगों का कहना है कि नगर निगम के अधिकारियों को कई बार शिकायत करने के बावजूद जब कोई सुनवाई नहीं हुई, तो उन्हें मजबूरन सड़क जाम करने का कदम उठाना पड़ा।
पानी की किल्लत से जूझ रहे लोग
लोगों का कहना है कि वे काफी दिनों से पानी की किल्लत से जूझ रहे हैं। बार-बार शिकायत करने के बावजूद पानी की सप्लाई शुरू नहीं हुई। ऐसे में मजबूरी में उन्हें सड़क पर उतरकर जाम लगाना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, हरी नगर और आसपास के बसई रोड की कालोनी में ज्यादातर पूर्वांचल के लोग रहते हैं और पिछले कई दिन से छठ पर्व का त्योहार मनाया जा रहा है। पिछले चार दिन से पानी नहीं आने के कारण लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
धरने पर बैठी महिलाएं
धरने पर बैठी महिलाओं ने बताया कि सुबह के समय नहाने, खाने-पीने और धोने और कपड़े धोने को लेकर भी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। छठ जैसे बड़े पर्व पर पानी न मिलने से उनकी परेशानी और बढ़ गई है। पीने के लिए भी पानी नहीं होता, ऐसे में उन्हें बाहर से पानी लाना पड़ रहा है।
इस दौरान ट्रैफिक भी बाधित रहा। बाइक सवारों को वापस से वाहन ले जाने पड़े। करीब एक घंटे तक बसई रोड पर जाम लगा रहा। जाम की सूचना मिलने के बाद सेक्टर-37 थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मी सड़क पर बैठे लोगों को समझाने का प्रयास करते रहे। खबर लिखे जाने तक प्रदर्शनकारी पानी की सप्लाई शुरू करने की मांग पर अड़े हुए थे।