{"vars":{"id": "91925:5179"}}

राष्ट्रीय एकता दिवस-2026 एवं भारत पर्व में हरियाणा की कला, संस्कृति और स्वदेशी उत्पादों को मिलेगा राष्ट्रीय मंच : रमनदीप नैन

राष्ट्रीय एकता दिवस-2026 एवं भारत पर्व में हरियाणा की कला, संस्कृति और स्वदेशी उत्पादों को मिलेगा राष्ट्रीय मंच : रमनदीप नैन
 

एमएसएमई विभाग ने हथकरघा बुनकरों, हस्तशिल्प कारीगरों और ओडीओपी उत्पाद निर्माताओं से भागीदारी का किया आह्वान

1 से 15 नवंबर तक गुजरात के एकता नगर में होगा आयोजन, कारीगरों और उद्यमियों को नए बाजार एवं खरीदारों से जुड़ने का मिलेगा अवसर

गुरुग्राम,

हरियाणा की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक हस्तकला, हथकरघा उत्पादों और स्थानीय उद्यमशीलता को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के उद्देश्य से राष्ट्रीय एकता दिवस-2026 एवं भारत पर्व में प्रदेश की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। इस संबंध में जिला एमएसएमई केंद्र, गुरुग्राम की ओर से जिले के हथकरघा बुनकरों, हस्तशिल्प कारीगरों तथा एक जिला-एक उत्पाद (ओडीओपी) के अंतर्गत आने वाले उत्पादों के निर्माताओं से इस आयोजन में भाग लेने का आह्वान किया गया है।

एमएसएमई विभाग के ज्वाइंट डायरेक्टर रमनदीप नैन ने बताया कि गुजरात के एकता नगर में 1 से 15 नवंबर 2026 तक प्रस्तावित इस आयोजन के माध्यम से हरियाणा के पारंपरिक उत्पादों, स्थानीय कला और शिल्प कौशल को राष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश के कारीगरों और उद्यमियों के उत्पादों में विशिष्ट पहचान और बाजार की अपार संभावनाएं हैं। ऐसे आयोजनों से उन्हें अपने उत्पादों की ब्रांडिंग, नए बाजारों तक पहुंच बनाने और संभावित खरीदारों एवं व्यापारिक संस्थानों से सीधे जुड़ने में मदद मिलती है।

उन्होंने कहा कि हरियाणा की पारंपरिक कला, हस्तशिल्प और स्थानीय विनिर्माण क्षमता हमारी सांस्कृतिक पहचान के साथ-साथ रोजगार एवं स्वरोजगार का भी महत्वपूर्ण आधार हैं। राष्ट्रीय स्तर के आयोजनों में भागीदारी से स्थानीय कारीगरों और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों को अपने उत्पादों की गुणवत्ता, विशेषता और नवाचार प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। इससे प्रदेश के स्वदेशी उत्पादों को प्रोत्साहन मिलने के साथ स्थानीय उद्यमों को नई व्यावसायिक संभावनाएं भी प्राप्त होंगी।

रमनदीप नैन ने इच्छुक बुनकरों, कारीगरों एवं उत्पाद निर्माताओं से अपील की कि वे अपने उत्पादों का विवरण, संबंधित जिले का नाम, उत्पादों से जुड़ी जानकारी, लाइव प्रदर्शन की संभावित गतिविधियों, प्रतिभागियों की संख्या तथा संपर्क विवरण जिला एमएसएमई केंद्र, गुरुग्राम को शीघ्र उपलब्ध करवाएं, ताकि उनकी भागीदारी के संबंध में एमएसएमई निदेशालय, हरियाणा एवं संबंधित विभागों के साथ आवश्यक समन्वय स्थापित किया जा सके।

उन्होंने जिले के सभी संबंधित हितधारकों से इस अवसर का लाभ उठाने और हरियाणा की पारंपरिक कला, स्वदेशी उत्पादों एवं स्थानीय उद्यमशीलता को राष्ट्रीय पहचान दिलाने में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। आयोजन में प्रतिभागिता एवं समन्वय से संबंधित अधिक जानकारी के लिए इच्छुक व्यक्ति जिला एमएसएमई केंद्र, गुरुग्राम से संपर्क कर सकते हैं।