पटौदी में 12 जलकर्मियों का 4 साल से वेतन बकाया
सैलरी का संघर्ष
भाजपा राज में यह कैसे अच्छे दिन ? चार साल से वेतन भुगतान ही नहीं !
पटौदी ग्रामीण जल कर्मियों का वेतन की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन जारी
नियुक्ति डीपीओ पटौदी के द्वारा और नौकरी निकलने का फरमान जन स्वास्थ्य विभाग का
शहरी स्थानीय निकाय विभाग पत्र क्रमांक 8 28/2022 4c11 के द्वारा परिषद में समायोजित
स्थानीय बीडीपीओ के द्वारा सितंबर 2022 तक वेतन का भुगतान रिम्स पोर्टल के माध्यम से हुआ
जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग पटौदी द्वारा 1 अक्टूबर 2026 को फिर से सेवा समाप्त करने का फरमान
फतह सिंह उजाला /पटौदी ।
अच्छे दिन आएंगे.. अच्छे दिन आएंगे.. अच्छे दिन आएंगे ! इसी उम्मीद के साथ में पटौदी जाटोली मंडी परिषद के ग्रामीण जलकर्मी 4 वर्ष से वेतन के इंतजार करते हुए काम करते आ रहे हैं। अपने बकाया वेतन के भुगतान अथवा उपलब्ध करवाए जाने के लिए 2022 से ही कर्मचारियों के द्वारा संबंधित विभाग और विभागों के अधिकारियों के सामने गिड़गिड़ाना पड़ रहा है । बकाया वेतन की भुगतान की मांग को लेकर पटौदी जाटोली मंडी परिषद के चेयरमैन से लेकर डीएमसी और विधायक विमला चौधरी को भी मिलकर ज्ञापन दिए जा चुके हैं।
पटौदी जाटोली मंडी परिषद जॉन दो हेली मंडी जाटोली कार्यालय के सामने 40 दिन से धरना प्रदर्शन पर डटे हुए कर्मचारियों ने सवाल किया कि क्या भाजपा शासन काल में इसी को ही अच्छे दिन कहते हैं ? कि 4 वर्ष से वेतन का भुगतान नहीं किया जा रहा । संबंधित विभाग और अधिकारी किसी भी प्रकार से संतोषजनक जवाब नहीं देकर एक दूसरे विभाग और अधिकारियों पर मामला डालते हुए अपनी जिम्मेदारी और जवाब देही से बचते हुए दिखाई दे रहे हैं । ग्रामीण जलकर्मी संघ हरियाणा के उपाध्यक्ष धर्म दत्त सहित जिले सिंह, सुरेश कुमार ,जयप्रकाश, करतार ,मुनेश ,अशोक, पिंटू ,सुभाष, प्रदीप ,श्री भगवान, कुलदीप, राजेंद्र, जयप्रकाश सहित अन्य ने कहा कि खंड विकास एवं पंचायत विभाग के द्वारा ग्रामीण जलकर्मियों का नियोक्ता पटौदी जाटोली मंडी परिषद को बताते हुए परिषद के द्वारा ही वेतन भुगतान के लिए जिम्मेदार बताया है।
इसी बीच में धरना पर बैठे हुए ग्रामीण जल कर्मियों के बीच पहुंचे जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग पटौदी के प्रतिनिधियों ने एक बार फिर से फरमान सुनते हुए कहा कि संबंधित 12 ग्रामीण जल कर्मियों की सेवाएं निरस्त करने के निर्देश दिए जाते हैं। 1 अक्टूबर 2026 के लिखित निर्देश में यह भी लिखा है कि पटौदी जाटोली मंडी परिषद के द्वारा सितंबर 2022 में जन स्वास्थ्य विभाग में हस्तांतरित किया गया ,वेतन दिलवाने में एचकेआरएन पोर्टल पर डाटा अपडेट करने का अनुरोध भी किया गया। एचकेआरएन पर डाटा अपलोड करने की लास्ट डेट अप्रैल 2022 होने से पंप ऑपरेटर का डाटा अपडेट नहीं हो सकता। ट्यूबवेल ऑपरेटर का डाटा एचकेआरएन पोर्टल पर बीडीपीओ और परिषद कार्यालय द्वारा ही चढ़ाया जाना था। ऐसे में मौखिक रूप से सेवाएं समाप्त करने के निर्देश दिए गए थे। अब एक बार फिर से 1 अक्टूबर 2026 के पत्र में सेवा निरस्त करने हेतु निर्देश दिए गए हैं। लेकिन साथ में यह बात भी लिखी गई है कि बकाया वेतन के बजट के लिए सीनियर अधिकारियों को लिखा गया है। जैसे ही बजट उपलब्ध होगा बकाया वेतन का भुगतान कर दिया जाएगा।
28 अगस्त 2022 को खंड विकास एवं पंचायत विभाग के द्वारा पटौदी जाटोली मंडी परिषद में शामिल विभिन्न नौ गांव के एक दर्जन ग्रामीण जल कर्मियों को वेतन के रिकार्ड सहित नगर परिषद में समर्पित कर दिया गया था। पटौदी जाटोली मंडी परिषद के ग्रामीण जल कर्मियों के द्वारा सवाल उठाया गया है कि उनके खाते में सरकार की तरफ से वेतन अथवा मानदेय का भुगतान किया जाता रहा। अतीत में जिस पोर्टल आर ई एम एस पोर्टल से ई सैलरी के द्वारा वेतन का भुगतान किया गया। इसी प्रकार से 2022 से बकाया वेतन का भुगतान करते हुए भविष्य में भी वेतन का भुगतान किया जाना सुनिश्चित किया जाए।