गांव ताजिया खेड़ा में हारे का सहारा ट्रस्ट ने दो बेटियों का भरा भात
सिरसा।नर सेवा ही नारायण सेवा के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए 'हारे का सहारा चैरिटेबल ट्रस्ट' ने एक बार फिर सामाजिक सरोकार और भाईचारे की अनूठी मिसाल पेश की है। ट्रस्ट के प्रधान मनीष सिंगला ने अपनी टीम सहित गांव ताजिया खेड़ा पहुंचकर दो बेटियों का भात भरा। मनीष सिंगला ने गांव ताजिया खेड़ा निवासी सिलोचना देवी और संतलाल भाटिया की पुत्रियां भतेरी व प्रीति के मामा का फर्ज निभाते हुए उनके निवास स्थान पर पहुंचकर पूरे रीति-रिवाज और सम्मान के साथ भात भरने की रस्म अदा की।
मनीष सिंगला ने कहा कि बेटियां पैदा नहीं होतीं, बल्कि वे तो ईश्वर के विशेष आशीर्वाद के रूप में हमारे घरों में अवतरित होती हैं। बेटियां दो कुलों का मान बढ़ाती हैं और उनके विवाह जैसे पावन कार्यों में सहयोग करना जीवन का सबसे बड़ा सौभाग्य है। इस पुनीत कार्य के साथ ही ट्रस्ट द्वारा अब तक कुल 110 बहनों व बेटियों के भात सफलतापूर्वक संपन्न हो चुका है।
मनीष सिंगला ने भावुक होते हुए कहा कि माताश्री श्रीमती सुशीला देवी जी के संस्कारों, पितृ देव और इष्ट देव श्री श्याम प्रभु के असीम आशीर्वाद से ही यह सेवा कार्य निरंतर संभव हो पा रहा है। दो बेटियों का भात भरकर उन्हें परमानंद की अनुभूति हो रही है। उन्होंने उन सभी 110 परिवारों के प्रति भी हृदय से आभार और धन्यवाद व्यक्त किया, जिन्होंने उन्हें अपने घर की बेटियों का भात भरने का यह सौभाग्य प्रदान किया। यह मुहिम भविष्य में भी इसी तरह निरंतर जारी रहेगी।
ट्रस्ट ने हजारों जरूरतमंद बेटियों का भात भरने का संकल्प लिया हुआ है और प्रभु इच्छा व समाज के सहयोग से यह कारवां लगातार आगे बढ़ता रहेगा। इस नेक पहल की गांव ताजिया खेड़ा सहित पूरे क्षेत्र में जमकर सराहना हो रही है। इस मौके पर निजी सचिव हरपिंदर शर्मा , निजी सचिव योगेश बिज़ारनिया सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद थे।