HARERA Action: फरीदाबाद में बिना रजिस्ट्रेशन प्रॉपर्टी बेचने पर सख्ती! निवेशकों को चेतावनी, खरीदने से पहले जान लें ये बात
चंडीगढ़: हरियाणा में बिना वैध स्वीकृति और रजिस्ट्रेशन के धड़ल्ले से प्लॉट और फ्लैट बेचने वाले प्रमोटर्स व डेवलपर्स पर सरकार और प्रशासन ने अपना शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में हरियाणा रियल एस्टेट नियामक प्राधिकरण (HARERA - हरेरा) पंचकूला ने आम जनता, घर खरीदारों और निवेशकों के लिए एक महत्वपूर्ण चेतावनी अलर्ट जारी किया है।
प्राधिकरण ने फरीदाबाद में एसआरएस रियल एस्टेट लिमिटेड (SRS Real Estate Limited) द्वारा विकसित की जा रही दो आवासीय व व्यावसायिक परियोजनाओं को लेकर सतर्क किया है और लोगों को इनमें किसी भी प्रकार के लेनदेन से बचने की सलाह दी है।
बिना रजिस्ट्रेशन प्रोजेक्ट्स बेचने पर हुई कार्रवाई
हरेरा पंचकूला के अनुसार, कंपनी ने रियल एस्टेट (विनियमन और विकास) अधिनियम 2016 (RERA Act) के अनिवार्य प्रावधानों का उल्लंघन करते हुए इन परियोजनाओं का हरेरा में पंजीकरण नहीं कराया है। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि अन-रजिस्टर्ड प्रोजेक्ट्स में किसी भी भूखंड (Plot) या इकाई (Flat/Unit) की बुकिंग, खरीद-बिक्री या वित्तीय निवेश करना जोखिम भरा साबित हो सकता है।
इन दो बड़ी परियोजनाओं पर जारी हुआ अलर्ट:
19.02 एकड़ की परियोजना: लाइसेंस संख्या 49 (जारी तिथि: 25 अगस्त 2009)
5.95 एकड़ की परियोजना: लाइसेंस संख्या 78 (जारी तिथि: 9 अक्टूबर 2011)
हरेरा ने स्पष्ट किया है कि इन दोनों लाइसेंस वाले प्रोजेक्ट्स में किसी भी तरह का आर्थिक लेनदेन या बुकिंग न करें।
क्या कहता है हरेरा (RERA) का नियम?
नियमानुसार, किसी भी रियल एस्टेट डेवलपर या प्रमोटर के लिए अपने प्रोजेक्ट का प्रचार-प्रसार या बिक्री करने से पहले हरेरा में रजिस्ट्रेशन कराना कानूनी रूप से अनिवार्य है।
अवैध लेनदेन: बिना रजिस्ट्रेशन वाली परियोजनाओं में विज्ञापन देना, बुकिंग करना, प्लॉट/अपार्टमेंट बेचना या एडवांस रकम लेना पूरी तरह गैर-कानूनी है।
खुद की जिम्मेदारी: नियमों की अनदेखी कर किए गए किसी भी अवैध लेनदेन में यदि निवेशकों को वित्तीय नुकसान होता है, तो उसकी जवाबदेही हरेरा प्राधिकरण की नहीं होगी।
खरीदारों के लिए हरेरा की महत्वपूर्ण सलाह
धोखाधड़ी और अवैध रियल एस्टेट प्रोजेक्ट्स से बचने के लिए हरेरा पंचकूला ने खरीदारों को सलाह दी है कि किसी भी बिल्डर को पैसे देने से पहले परियोजना के पंजीकरण की पुष्टि जरूर करें।
खरीदार इसके लिए हरियाणा रियल एस्टेट नियामक प्राधिकरण, पंचकूला की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर प्रोजेक्ट का रजीस्ट्रेशन स्टेटस चेक कर सकते हैं।
इससे घर खरीदारों को सही जानकारी मिलेगी और वे अपने गाढ़े पसीने की कमाई को डूबने से बचा सकेंगे।