Haryana News: हरियाणा की सभी 20 जेलों में की गई नियुक्तियां, देखिये पूरी लिस्ट
Haryana Jail News: हरियाणा सरकार ने प्रदेश की जेलों की निगरानी और व्यवस्थाओं को लेकर बड़ा कदम उठाया है। सरकार ने प्रदेश की सभी 20 जेलों के लिए जिला स्तर पर बोर्ड ऑफ विजिटर्स (Board of Visitors) गठित करने की अधिसूचना जारी की है। इस बोर्ड में प्रशासनिक, पुलिस, स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक कल्याण विभागों के अधिकारियों के साथ जनप्रतिनिधियों को भी शामिल किया जाएगा।
हरियाणा सरकार के जेल विभाग की ओर से 30 अक्टूबर 2026 को जारी अधिसूचना के अनुसार, प्रत्येक जिले में गठित होने वाले बोर्ड के चेयरमैन संबंधित जिले के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश होंगे। इसके अलावा जिला मजिस्ट्रेट, पुलिस अधीक्षक और सिविल सर्जन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी बोर्ड के सदस्य होंगे।
बोर्ड में कौन-कौन होंगे शामिल?
सरकार की अधिसूचना के अनुसार बोर्ड ऑफ विजिटर्स में निम्नलिखित सदस्य शामिल होंगे:
- प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश: बोर्ड के चेयरमैन होंगे।
- जिला मजिस्ट्रेट: सदस्य होंगे।
- पुलिस अधीक्षक/पुलिस उपायुक्त: सदस्य होंगे।
- मुख्य चिकित्सा अधिकारी/सिविल सर्जन: सदस्य होंगे।
- जिला रोजगार अधिकारी: सदस्य होंगे।
- जिला समाज कल्याण अधिकारी: सदस्य होंगे।
- जिला उद्योग अधिकारी: सदस्य होंगे।
- जन स्वास्थ्य विभाग के कार्यकारी अभियंता: सदस्य होंगे।
- लोक निर्माण विभाग (भवन एवं सड़कें) के कार्यकारी अभियंता: सदस्य होंगे।
- जिला शिक्षा अधिकारी: सदस्य होंगे।
- जिला कृषि/बागवानी अधिकारी: सदस्य होंगे।
- तीन विधायक: इनमें एक महिला विधायक होंगी। इनका नामांकन हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष द्वारा किया जाएगा।
- हरियाणा राज्य मानवाधिकार आयोग का एक प्रतिनिधि: इस सदस्य का नामांकन हरियाणा मानवाधिकार आयोग के चेयरमैन द्वारा किया जाएगा।
सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के तहत लिया फैसला
अधिसूचना में सुप्रीम कोर्ट के 30 जुलाई 2026 और 10 सितंबर 2026 के आदेशों के साथ-साथ 3 अक्टूबर 2024 को सुकन्या शांता बनाम भारत संघ एवं अन्य मामले में दिए गए फैसले का भी उल्लेख किया गया है। इसके अलावा मॉडल प्रिजन मैनुअल 2016 के प्रावधानों और हरियाणा के राज्य जेल मैनुअल/नियमों को भी ध्यान में रखा गया है।
सरकार की इस अधिसूचना के तहत प्रदेश की सभी 20 जेलों के लिए जिला स्तर पर आधिकारिक और गैर-आधिकारिक सदस्यों वाला बोर्ड गठित किया जाएगा।