{"vars":{"id": "91925:5179"}}

हरियाणा में चौहरे हत्याकांड गैंगवार की इनसाइड स्टोरी, दोनों तरफ हो चुकी कई हत्याएं, कार की किस्त से शुरु हुई दुश्मनी

हरियाणा में चौहरे हत्याकांड गैंगवार की इनसाइड स्टोरी, दोनों तरफ हो चुकी कई हत्याएं, कार की किस्त से शुरु हुई दुश्मनी
 

हरियाणा के रोहतक के पास खरावड़ गांव के पास मिलन ढाबे पर देर रात चार युवकों की हत्या मामले में अब स्थिति साफ होती नजर आ रही है। इस चौहरे हत्याकांड की जिम्मेदारी हिमांशु भाऊ गैंग के सदस्यों ने ली है। इसको लेकर सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हो रही है जिसमें बदले के चलते हत्याकांड को अंजाम देने की बात कही गई है।

दरअसल बुधवार की रात को मिलन ढाबा पर 50 से ज्यादा लोग रात को करीब एक बजे खाना खा रहे थे, उसी वक्त दो गाड़ियों में सवार होकर आधा दर्जन से ज्यादा हथियारबंद बदमाशों ने फायरिंग कर दी जिसमें तीन युवकों को निशाना बनाया गया। इस दौरान बेरी निवासी एक निर्दोष युवक की भी गोलियां मारकर हत्या कर दी गई। हिमांशु नामक इस युवक को सन्नी के शक में मार दिया गया।

डीघल निवासी मन्नु ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका चचेरा भाई रिंकू (27) गांव के युवक विनित, हर्ष उर्फ राजू के साथ रिटौली निवासी सन्नी के साथ रहता था। गैंगस्टर हिमांशु उर्फ भाऊ की गांव के ही अंकित उर्फ बाबा व सन्नी के साथ पुरानी रंजिश चल रही है। अंकित जहां जेल में है जबकि उसका छोटा भाई सन्नी जमानत पर बाहर है। बुधवार रात करीब एक बजे रिंकू, विनित व हर्ष अपने साथियों के साथ खरावड़ के पास मिलन ढाबे पर खाना खा रहे थे। दो गाड़ियों में सवार होकर हिमांशु उर्फ भाऊ गैंग के छह-सात बदमाश हथियारों से लैस होकर आए और रिंकू, विनित व हर्ष पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। तीनों के शव होटल के अंदर फर्श पर खून से लथपथ मिले। साथ ही बेरी निवासी हिमांशु भी मारा गया। उसका किसी गैंग से संबंध नहीं था। वह तो खाना खाने ढाबे पर आया हुआ था। मामले की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल की। साथ ही होटल की सीसीटीवी फुटेज भी जब्त की है।

पुलिस को जांच में पता चला है कि तीन लोगों की हत्या के बाद हमलावर रिटौली निवासी सन्नी के बारे में पूछ रहे थे। शक के आधार पर बेरी निवासी हिमांशु पर गोली चला दी। हिमांशु गोली लगने के बावजूद जान बचाने के लिए होटल की पहली मंजिल पर सीढि़यों के रास्ते भाग लेकिन हमलावरों ने पीछा करके उसकी भी ऊपर ही गोली मारकर हत्या कर दी। सन्नी बच निकलने में कायमाब रहा।

बस की सुरक्षा के लिए खरीदी गई कार बनी दुश्मनी की वजह

ग्रामीणों के अनुसार, वर्ष 2019 में रिटौली गांव निवासी हंसराज उर्फ हंसे ने निजी बस खरीदी थी। बस को मार्ग पर चलाने के दौरान विवाद होने के कारण उसने हिमांशु से सुरक्षा मांगी थी। हिमांशु ने बस के साथ चलने के लिए कार की जरूरत बताई। इसके बाद हंसे ने कर्ज लेकर कार खरीदी। कार खरीदने में अंकित के परिवार के दस्तावेज लगाए गए थे, जबकि गाड़ी हिमांशु के साथियों के पास रही। कुछ समय बाद हंसे ने कार की किश्तें भरनी बंद कर दी थीं।

बैंक कर्मचारी जब कर्ज की वसूली के लिए अंकित के घर पहुंचे तो उसके परिजनों ने हिमांशु पक्ष से कार वापस मांगी। कार नहीं मिलने पर दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ता गया और दोस्ती दुश्मनी में बदल गई थी।

कैसे शुरु हुई थी दुश्मनी

गांव के ही युवक ने बताया कि इन दोनों गैंगों के बीच दुश्मनी कार की किस्त को लेकर हुई थी। यह घटना 2019 में हुई थी जिसके बाद हिमांशु भाऊ गैंग और अंकित उर्फ बाबा और सन्नी रिटौलियां गैंग के बीच दुश्मनी हो गई। इस दुश्मनी में अब तक 10 लोगों की जान जा चुकी है। इस दुश्मनी में 2022 में रिटौली गांव में तीन हत्याएं हुई थी। हालांकि इस मामले में गिरफ्तारी हुई थी। इसके बाद जून 2025 में अंकित उर्फ बाबा व सन्नी के चाचा अनिल की हत्या कर दी गई थी। इसके बाद दिसंबर 2025 में ही शराब ठेके के पास एक आदमी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी वहीं फरवरी 2026 में सन्नी रिटौलियां के साथ दिनेश उर्फ गोगा की भी हत्या कर दी थी। इसमें हिमांशु भाऊ के चचेरे भाई रोहित उर्फ बजरंग की हत्या में सन्नी सहित आठ आरोपी नामजद है जबकि रोहित उर्फ बजरंग हत्याकांड के आरोपी अनिल, दिनेश उर्फ गोगा सहित तीन आरोपियों की हत्या हो चुकी है।

पुलिस का बयान

शक है कि हिमांशु उर्फ भाऊ गैंग ने सन्नी व उसके साथियों पर हमला कराया है। हमले में मिलन ढाबे पर खाना खा रहे डीघल गांव के तीन युवक मारे गए जो रिटौली निवासी सन्नी के साथी हैं। बेरी निवासी हिमांशु का किसी गैंग से कोई संबंध नहीं है। वह भी फायरिंग में मारा गया। -राजकरण, प्रभारी थाना आईएमटी