हरियाणा में खाली प्लाट में कूड़ा कचरा मिला तो मालिक पर होगा एक्शन, जानिये सीएम ने क्या कहा ?
हरियाणा में खाली पड़े प्लॉटों को अक्सर लोग कूड़ाघर बना देते हैं। आस पड़ोस ही नहीं दूर दूर से लोग कूड़ा लाकर इस खाली प्लाट में डालने लगते हैं, लेकिन अब सरकार ने सख्ती दिखानी शुरु कर दी है। सीएम नायब सिंह सैनी ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि जिस भी प्लाट में कूड़ा कर्कट और गंदगी के ढेर मिलेंगे उसके मालिक के खिलाफ एक्शन लिया जाएगा।
सीएम नायब सिंह सैनी मंगलवार को गुरुग्राम में गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) तथा नगर निगम के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करते हुए शहर की स्वच्छता, सीएंडडी वेस्ट (निर्माण एवं विध्वंस अपशिष्ट) के प्रबंधन, जलभराव की रोकथाम, सड़क, पेयजल एवं सीवरेज की मिसिंग लिंक परियोजनाओं सहित विभिन्न विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा कर रहे थे।
इस दौरान सीएम नायब सिंह सैनी ने कहा कि मैं अक्सर देखता हूं कि घर के आसपास कोई खाली प्लाट होता है तो लोग उसे डस्टबिन बना देते हैं, लोग उसमें कूड़ा डालना शुरु कर देते हैं लेकिन अब इस प्रथा को बदलना होगा। उन्होने कहा कि पड़ोसियों को उस प्लाट मालिक को इसकी सूचना देनी चाहिए। अगर प्लाट मालिक उस कूड़े को नहीं उठवाता है तो आस पड़ोस के लोग उस कूड़े को उठवाकर मालिक के पास बिल भेज दें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शहर में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने और सीएंडडी वेस्ट के उचित निस्तारण के लिए अधिकारी माइक्रो मैनेजमेंट के स्तर पर काम करें। निर्माण एवं विध्वंस से निकलने वाले कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस पूरी प्रक्रिया में संबंधित कंपनियों की जवाबदेही तय की जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि कचरे का निस्तारण निर्धारित मानकों के अनुसार हो।
बैठक में जीएमडीए के सीईओ डी .के बेहेरा ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि सीएंडडी वेस्ट के व्यवस्थित प्रबंधन को लेकर नागरिकों के साथ बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में नागरिकों से प्राप्त सुझावों के आधार पर जिले में 10 अलग-अलग स्थानों पर एक-एक हेक्टेयर भूमि चिह्नित करने की योजना बनाई गई है। इन स्थानों पर निर्माण एवं विध्वंस से निकलने वाले कचरे का अस्थायी रूप से संग्रहण किया जाएगा। इसके लिए निर्धारित भूमि को चारों ओर से कवर (चारदीवारी अथवा घेराबंदी) किया जाएगा, ताकि कचरे का अनियंत्रित फैलाव न हो और आसपास के क्षेत्रों में गंदगी एवं प्रदूषण की समस्या पैदा न हो। इस व्यवस्था से सीएंडडी वेस्ट के संग्रहण और आगे उसके वैज्ञानिक निस्तारण की प्रक्रिया को व्यवस्थित बनाया जा सकेगा। मुख्यमंत्री ने सीएंडडी वेस्ट के दीर्घकालिक एवं व्यवस्थित निस्तारण के लिए दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के निकट जिले में लगभग 500 एकड़ भूमि चिह्नित करने के निर्देश दिए ताकि भविष्य में गुरुग्राम, मानेसर तथा फरीदाबाद का सी एंड डी वेस्ट का यहां निस्तारण किया जा सके।