ISRO Scientist: हरियाणा की बेटी साक्षी शर्मा ने रचा इतिहास, बनीं ISRO साइंटिस्ट; बेटियों के लिए बनीं मिसाल!
सिवानीमंडी। बड़वा गांव की होनहार बेटी साक्षी शर्मा ने अपनी लगन और प्रतिभा के बल पर देश की प्रतिष्ठित अंतरिक्ष एजेंसी 'इसरो' (ISRO) में वैज्ञानिक बनकर क्षेत्र का मान बढ़ाया है। उनकी इस ऐतिहासिक सफलता से परिवार सहित पूरे इलाके में जश्न और गर्व का माहौल है।
साक्षी शुरू से ही मेधावी रही हैं; उन्होंने जेईई मेन्स और जेईई एडवांस जैसी कठिन परीक्षाओं में शानदार रैंक हासिल कर अपनी काबिलियत साबित की थी। इसके पश्चात वे केरल के तिरुवनंतपुरम से अपनी उच्च शिक्षा पूरी कर रही थीं, जहां पढ़ाई के दौरान ही उनका चयन इसरो में वैज्ञानिक पद के लिए हो गया। चयन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद इसरो ने उन्हें आधिकारिक नियुक्ति पत्र भेजकर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।
साक्षी शर्मा गांव के मामराज शर्मा की बेटी हैं। वह विद्वान पंडित स्वर्गीय सुवालाल की पोती हैं। परिवार में उनकी इस उपलब्धि को लेकर विशेष उत्साह है। ग्रामीणों का कहना है कि साक्षी ने अपनी मेहनत और लगन से न केवल परिवार बल्कि पूरे गांव को गौरवान्वित किया है।
साक्षी की सफलता से गांव की अन्य बेटियों और युवाओं को भी शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने तथा बड़े लक्ष्य निर्धारित करने की प्रेरणा मिलेगी। ग्रामीणों ने इसे पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बताते हुए साक्षी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।