{"vars":{"id": "91925:5179"}}

हरियाणा में किसानों की हुई मौज, ट्रैक्टर खरीद पर मिलेगी 3 लाख की सब्सिडी

हरियाणा में किसानों की हुई मौज, ट्रैक्टर खरीद पर मिलेगी 3 लाख की सब्सिडी
 

भिवानी, 26 नवंबर। कृषि एवं किसान कल्याण विभाग हरियाणा द्वारा वर्ष 2026-27 के दौरान अनुसूचित जाति (एससी) वर्ग के किसानों को 45 हॉर्स पावर (एचपी) या इससे अधिक क्षमता के ट्रैक्टर खरीदने पर अधिकतम तीन लाख रुपये प्रति ट्रैक्टर सब्सिडी प्रदान की जाएगी। योजना के तहत ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 15 नवंबर से शुरू हो चुकी है, जो 15 दिसंबर 2026 तक जारी रहेगी। इच्छुक किसान विभागीय पोर्टल एग्रीहरियाणा.जीओवी.इन पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। योजना की विस्तृत जानकारी विभागीय पोर्टल पर उपलब्ध है।

सहायक कृषि अभियंता नसीब सिंह धनखड़ ने ये जानकारी देते हुए बताया कि योजना का लाभ लेने के लिए किसान का एससी वर्ग से होना तथा मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पोर्टल पर पंजीकरण और कृषि भूमि का स्वामित्व होना जरूरी है। परिवार पहचान पत्र (पीपीपी) में दर्ज परिवार के किसी सदस्य के नाम कृषि भूमि होने पर भी आवेदन मान्य होगा। पिछले पांच वर्षों के दौरान ट्रैक्टर पर सब्सिडी का लाभ ले चुके किसान इस योजना के पात्र नहीं होंगे।

उन्होंने बताया कि लाभार्थियों का चयन निर्धारित लक्ष्य से अधिक आवेदन प्राप्त होने पर जिला स्तरीय कार्यकारी समिति द्वारा ड्रा के माध्यम से किया जाएगा। चयनित किसानों को दस्तावेजों के सत्यापन के बाद ट्रैक्टर खरीदने के लिए अनुमति दी जाएगी। किसान अपनी पसंद के निर्माता एवं डीलर से ट्रैक्टर खरीद सकेंगे तथा सब्सिडी की राशि सीधे उनके बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से भेजी जाएगी। इसके लिए किसान का बैंक खाता आधार से लिंक और डीबीटी सुविधा के लिए सक्रिय होना आवश्यक है।