{"vars":{"id": "91925:5179"}}

हरियाणा मानवाधिकार आयोग में 6 महीने से सचिव का पद खाली, हाईकोर्ट एडवोकेट ने उठाए सवाल; सरकार से मांगा जवाब

हरियाणा मानवाधिकार आयोग में सचिव का पद छह महीने से अधिक समय से रिक्त है। हाईकोर्ट एडवोकेट हेमंत कुमार ने सरकार, आयोग और NHRC को अभिवेदन भेजकर नियुक्ति की मांग की।
 

चंडीगढ़। हरियाणा मानवाधिकार आयोग (HHRC) में पिछले छह महीने से अधिक समय से सचिव का महत्वपूर्ण पद खाली पड़ा है। आयोग में नियमित सचिव की नियुक्ति नहीं होने पर अब सवाल उठने लगे हैं। पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के एडवोकेट हेमंत कुमार ने इस मामले को गंभीर वैधानिक एवं प्रशासनिक मुद्दा बताते हुए आयोग के चेयरपर्सन, सदस्यों और प्रदेश सरकार को कानूनी अभिवेदन भेजकर तत्काल नियुक्ति की मांग की है। इसकी एक प्रति राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) को भी भेजी गई है।

जानकारी के अनुसार, हरियाणा मानवाधिकार आयोग के तत्कालीन सचिव जयबीर सिंह आर्य, आईएएस, 30 अप्रैल 2026 को सेवानिवृत्त हो गए थे। इसके बाद से 17 नवंबर 2026 तक इस पद पर किसी नियमित अधिकारी की नियुक्ति नहीं की गई है। छह महीने से अधिक समय बीतने के बावजूद पद खाली रहने को लेकर एडवोकेट हेमंत कुमार ने सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।

मानवाधिकार संरक्षण अधिनियम की धारा 27 का दिया हवाला

एडवोकेट हेमंत कुमार ने अपने अभिवेदन में Protection of Human Rights Act, 1993 की धारा 27(1)(a) का उल्लेख किया है। इस प्रावधान के अनुसार, राज्य सरकार को आयोग के लिए ऐसा अधिकारी उपलब्ध करवाना होता है, जिसका रैंक राज्य सरकार के सचिव से कम न हो। यही अधिकारी आयोग के सचिव के रूप में कार्य करता है।

अभिवेदन में कहा गया है कि यह प्रावधान राज्य सरकार पर वैधानिक जिम्मेदारी डालता है। इसलिए इतने लंबे समय तक सचिव का पद खाली रखना केवल सामान्य प्रशासनिक देरी का मामला नहीं माना जा सकता।

हेमंत कुमार का कहना है कि आयोग को केवल किसी अधिकारी को अतिरिक्त कार्यभार सौंपने के बजाय निर्धारित न्यूनतम रैंक और सेवा संबंधी पात्रता रखने वाला अधिकारी उपलब्ध करवाया जाना चाहिए। उन्होंने सरकार से यह भी स्पष्ट करने की मांग की है कि इस अवधि में सचिव पद के लिए कोई लिंक ऑफिसर या वैकल्पिक प्रशासनिक व्यवस्था बनाई गई है या नहीं।

डीजी की नियुक्ति सचिव पद का विकल्प नहीं

अभिवेदन में अक्टूबर 2026 के दौरान आईपीएस अधिकारी नवदीप सिंह विर्क (1994 बैच) की हरियाणा मानवाधिकार आयोग में महानिदेशक (डीजी) के रूप में कथित नियुक्ति का भी जिक्र किया गया है।

एडवोकेट ने इस नियुक्ति का स्वागत करते हुए कहा है कि आयोग में पुलिस एवं जांच संबंधी व्यवस्था और प्रशासनिक सचिव की नियुक्ति अलग-अलग वैधानिक आवश्यकताएं हैं।

उन्होंने अधिनियम की धारा 27(1)(b) का हवाला देते हुए बताया कि इसमें पुलिस एवं जांच स्टाफ की व्यवस्था का प्रावधान है, जबकि धारा 27(1)(a) के तहत सचिव की नियुक्ति आवश्यक है। ऐसे में डीजी स्तर के आईपीएस अधिकारी की तैनाती को सचिव पद की नियुक्ति का विकल्प नहीं माना जा सकता।

सचिव को माना गया है आयोग का मुख्य कार्यकारी अधिकारी

एडवोकेट हेमंत कुमार ने अपने प्रतिवेदन में मानवाधिकार संरक्षण अधिनियम की धारा 21(3) का भी उल्लेख किया है। इसके तहत आयोग के सचिव को मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) माना गया है।

सचिव चेयरपर्सन के नियंत्रण में आयोग की प्रशासनिक और वित्तीय शक्तियों का इस्तेमाल करता है। आयोग के रोजमर्रा के कामकाज, सरकारी विभागों के साथ समन्वय, प्रशासनिक फैसलों और वित्तीय गतिविधियों में सचिव की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।

ऐसे में लंबे समय तक यह पद खाली रहने से आयोग के प्रशासनिक कामकाज और संस्थागत व्यवस्था पर असर पड़ने की आशंका जताई गई है।

मुख्य सचिव और गृह विभाग से भी हस्तक्षेप की मांग

एडवोकेट हेमंत कुमार ने हरियाणा मानवाधिकार आयोग के चेयरपर्सन न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) ललित बत्रा और सदस्यों कुलदीप जैन तथा दीप भाटिया को भेजे गए अभिवेदन में मांग की है कि वे इस मामले को मुख्य सचिव और कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग के समक्ष उठाएं।

इसकी प्रतियां हरियाणा के मुख्य सचिव, कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग के प्रशासनिक सचिव अनुराग रस्तोगी, आईएएस और गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव सुधीर राजपाल, आईएएस को भी भेजी गई हैं।

उन्होंने अधिकारियों से सचिव पद रिक्त रहने के कारणों, अब तक की गई अंतरिम व्यवस्था और नियमित नियुक्ति की संभावित समय-सीमा के बारे में स्पष्ट जानकारी देने का आग्रह किया है।

अभिवेदन की एक प्रति राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के चेयरमैन न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) वी. रामासुब्रमण्यम को भी भेजी गई है।

अब देखना होगा कि हरियाणा मानवाधिकार आयोग और प्रदेश सरकार इस कानूनी अभिवेदन पर क्या कार्रवाई करते हैं और छह महीने से अधिक समय से खाली पड़े सचिव के पद पर नियमित नियुक्ति कब तक होती है।

##