{"vars":{"id": "91925:5179"}}

हरियाणा में IAS, IPS और IFS अधिकारियों का DA 3% बढ़ा, अब मिलेगा 63% महंगाई भत्ता; जुलाई से लागू

हरियाणा में IAS, IPS और IFS अधिकारियों का DA 3% बढ़ा, अब मिलेगा 63% महंगाई भत्ता; जुलाई से लागू
 

चंडीगढ़: हरियाणा सरकार ने प्रदेश में कार्यरत भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS), भारतीय पुलिस सेवा (IPS) और भारतीय वन सेवा (IFS) के अधिकारियों को राहत देते हुए महंगाई भत्ते (DA) में 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी की है। अब इन अधिकारियों को मूल वेतन का 63 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिलेगा, जबकि पहले यह 60 प्रतिशत था। बढ़ी हुई दरें 1 जुलाई 2026 से लागू मानी जाएंगी।

केंद्र सरकार के वित्त मंत्रालय के व्यय विभाग की ओर से 29 अक्टूबर 2026 को जारी कार्यालय ज्ञापन के आधार पर हरियाणा के कार्मिक विभाग ने सोमवार को इस संबंध में परिपत्र जारी किया है। मुख्य सचिव कार्यालय के निर्देशानुसार बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता नवंबर 2026 के वेतन के साथ दिया जाएगा।

जुलाई से अक्टूबर तक का एरियर जनवरी में मिलेगा

महंगाई भत्ते की बढ़ी हुई दर 1 जुलाई 2026 से लागू होगी। ऐसे में अधिकारियों को जुलाई, अगस्त, सितंबर और अक्टूबर महीने का एरियर भी दिया जाएगा। चार महीने का बकाया महंगाई भत्ता जनवरी 2027 में मिलने की संभावना है, जबकि नवंबर महीने से बढ़ा हुआ डीए नियमित वेतन के साथ दिया जाएगा।

मूल वेतन के आधार पर होगी DA की गणना

केंद्र सरकार के आदेश के अनुसार, महंगाई भत्ते की गणना सातवें केंद्रीय वेतन आयोग की सिफारिशों के तहत निर्धारित पे मैट्रिक्स में संबंधित स्तर के मूल वेतन के आधार पर की जाएगी। इसमें विशेष वेतन या अन्य प्रकार के वेतन को शामिल नहीं किया जाएगा।

डीए मूल वेतन से अलग पारिश्रमिक का हिस्सा बना रहेगा। गणना के दौरान यदि राशि में 50 पैसे या इससे अधिक का अंश आता है तो उसे अगले पूरे रुपये में किया जाएगा, जबकि 50 पैसे से कम के अंश को नजरअंदाज किया जाएगा।

सभी संबंधित अधिकारियों को भेजा गया परिपत्र

हरियाणा सरकार की ओर से जारी यह परिपत्र सभी प्रशासनिक सचिवों, विभागाध्यक्षों, मंडल आयुक्तों, उपायुक्तों तथा बोर्ड और निगमों के प्रबंध निदेशकों समेत संबंधित अधिकारियों को भेजा गया है।

अखिल भारतीय सेवा (महंगाई भत्ता) नियम, 1972 के नियम 3 के तहत बढ़ी हुई डीए दरें हरियाणा कैडर में कार्यरत अखिल भारतीय सेवा के अधिकारियों के साथ-साथ उन अधिकारियों पर भी लागू होंगी, जिनका प्रारंभिक वेतन IAS (Pay) Rules 2016, IPS (Pay) Rules 2016 और IFS (Pay) Rules 2016 के तहत निर्धारित किया गया है।

##