हरियाणा सरकार के गलत सरकारी आदेश से राज्य मुख्य सूचना आयुक्त और चार सूचना आयुक्तों की कुर्सी पर मंडराया संकट
हरियाणा सरकार द्वारा जारी एक सरकारी आदेश में गलत शब्दावली के प्रयोग से राज्य मुख्य सूचना आयुक्त यानी एससीआईसी और 4 राज्य सूचना आयुक्तों यानी एसआईसी की कुर्सी पर बड़ा संकट खड़ा हो गया है। 5 अगस्त 2026 को मुख्य सचिव द्वारा जारी आदेश में 23 मई 2025 को जारी नोटिफिकेशन को वापस लेने का उल्लेख किया गया है, हालांकि केवल प्रियंका धोपड़ा की राज्य सूचना आयुक्त पद पर घोषित नियुक्ति को रद्द किया जाना था।
चंडीगढ़ से सामने आई इस खबर के अनुसार, हरियाणा के राज्य मुख्य सूचना आयुक्त और चार राज्य सूचना आयुक्तों की नियुक्तियों को लेकर एक सरकारी आदेश की शब्दावली ने गंभीर कानूनी सवाल खड़े कर दिए हैं। 5 अगस्त 2026 को जारी एवं मुख्य सचिव द्वारा हस्ताक्षरित आदेश में ऐसी शब्दावली का प्रयोग किया गया जिसका सरल अर्थ 23 मई 2025 को जारी उस पूरे नोटिफिकेशन को वापस लिया जाना निकलता है, जिसके तहत राज्य मुख्य सूचना आयुक्त और राज्य सूचना आयुक्तों के पदों पर नियुक्तियां की गई थीं।
यह पूरा मामला पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के एडवोकेट तथा प्रशासनिक मामलों के जानकार हेमंत कुमार द्वारा उठाया गया है। उन्होंने बीती 25 अगस्त को प्रदेश के राज्यपाल, मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव, सामान्य प्रशासन विभाग, राज्य सूचना आयोग, एडवोकेट जनरल तथा विधि परामर्शी को कानूनी अभिवेदन-सह-सार्वजनिक ज्ञापन भेजकर तत्काल स्पष्टीकरण और आवश्यक संशोधन की अपील की थी, हालांकि दुर्भाग्यवश आज तक इस संबंध में सरकार की ओर से कार्रवाई की जानी लंबित है।
23 मई 2025 को घोषित हुई थीं कुल छह नियुक्तियां
दरसअल, 23 मई 2025 को मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी द्वारा जारी एक ही क्रमांक के सरकारी आदेश के माध्यम से प्रदेश के पूर्व मुख्य सचिव टी.वी.एस.एन. प्रसाद को राज्य मुख्य सूचना आयुक्त तथा सेवानिवृत्त एच.सी.एस. अधिकारी अमरजीत सिंह एवं चार अन्य नामतः कर्मवीर सैनी, नीता खेड़ा, प्रियंका धोपड़ा और संजय मदान को राज्य सूचना आयुक्त के पद पर नियुक्त किया गया था। हालांकि, प्रियंका धोपड़ा से संबंधित लंबित विवाद के चलते 26 मई 2025 के शपथ ग्रहण समारोह में तत्कालीन राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने उन्हें पद की शपथ नहीं दिलाई थी। इसके बाद एक वर्ष तक यह स्थिति भी सार्वजनिक रूप से स्पष्ट नहीं हुई कि उनकी घोषित नियुक्ति की कानूनी स्थिति क्या है।
5 अगस्त के आदेश की भाषा बनी बड़ा सवाल
हेमंत के अनुसार 5 अगस्त 2026 के आदेश द्वारा यदि सरकार का उद्देश्य केवल प्रियंका धोपड़ा की नियुक्ति को रद्द करना था, तो उस आदेश में इस सम्बन्ध में स्पष्ट उल्लेख किया जाना चाहिए था। इसके बजाय आदेश में 23 मई 2025 को सूचना आयुक्तों की नियुक्ति से संबंधित नोटिफिकेशन को वापस लिए जाने की शब्दावली का प्रयोग किया गया जो मौजूदा विवाद का मूल कारण बन गई है। सवाल यह है कि यदि केवल एक नियुक्ति वापस लेनी थी, तो पूरे मूल आदेश या अधिसूचना को वापस लेने जैसी भाषा क्यों इस्तेमाल की गई।
हेमंत का कहना है कि यदि मूल आदेश में नियुक्त अन्य पदाधिकारियों की नियुक्तियां बरकरार रखनी थीं, तो 5 अगस्त के आदेश में यह स्पष्ट सुरक्षा-वाक्य होना चाहिए था कि 23 मई 2025 को जारी आदेश द्वारा की गयीं टी.वी.एस.एन. प्रसाद के राज्य मुख्य सूचना आयुक्त एवं चार राज्य सूचना आयुक्तों की नियुक्तियां यथावत जारी रहेंगी।
कैंडीडेचर या नियुक्ति शब्द का फर्क भी महत्वपूर्ण
ज्ञापन में एक अन्य महत्वपूर्ण कानूनी प्रश्न उठाया गया है। 5 अगस्त के आदेश में प्रियंका धोपड़ा के लिए कैंडीडेचर यानी उम्मीदवारी शब्द का इस्तेमाल किए जाने पर भी सवाल उठाया गया है। हेमंत के अनुसार, यदि 23 मई 2025 के सरकारी आदेश में प्रियंका धोपड़ा को राज्य सूचना आयुक्त के पद पर नियुक्त किया गया था, तो बाद में उस नियुक्ति को समाप्त करने के लिए उम्मीदवारी शब्द पर्याप्त अथवा सटीक नहीं माना जा सकता। नियुक्ति और उम्मीदवारी कानूनी रूप से एक ही स्थिति नहीं हैं।
गजट में एक नियुक्ति प्रकाशित, बाकी पर सवाल
मामले का एक और पहलू राजपत्र यानी गजट प्रकाशन से जुड़ा है। हेमंत ने ज्ञापन में लिखा है कि टी.वी.एस.एन. प्रसाद की राज्य मुख्य सूचना आयुक्त के रूप में नियुक्ति का हरियाणा सरकार के राजपत्र में 3 जून 2025 को प्रकाशन हुआ, जबकि उसी 23 मई 2025 के आदेश से नियुक्त अन्य राज्य सूचना आयुक्तों की नियुक्तियों के संबंध में आज तक गजट नोटिफिकेशन प्रकाशित नहीं हुई जो कि सूचना का अधिकार अधिनियम, 2005 की धारा 15 के अंतर्गत कानूनन आवश्यक है।
हेमंत कुमार ने सरकार से की है कई अहम अपीलें
- 5 अगस्त 2026 को जारी आदेश की तत्काल कानूनी समीक्षा हो।
- केवल प्रियंका धोपड़ा की नियुक्ति रद्द करना उद्देश्य था तो स्पष्ट संशोधन या शुद्धि आदेश जारी किया जाए।
- राज्य मुख्य सूचना आयुक्त टी.वी.एस.एन. प्रसाद और चार अन्य राज्य सूचना आयुक्तों की नियुक्तियों की स्थिति स्पष्ट रूप से घोषित की जाए।
- 23 मई 2025 के आदेश और 5 अगस्त 2026 के आदेश की आधिकारिक कानूनी स्थिति सार्वजनिक की जाए।
- आवश्यकता होने पर कानून एवं विधायी विभाग अथवा एडवोकेट जनरल से विधिक राय ली जाए।
- अंतिम स्थिति हरियाणा सरकार और राज्य सूचना आयोग की वेबसाइट पर सार्वजनिक की जाए।
वैधानिक संस्था की स्थिति स्पष्ट करने का मामला
हेमंत का कहना है कि उनका ज्ञापन किसी व्यक्ति विशेष के विरुद्ध नहीं है। मुद्दा यह है कि नागरिकों के सूचना के अधिकार को लागू करने वाली संवैधानिक लोकतांत्रिक व्यवस्था की महत्वपूर्ण वैधानिक संस्था के गठन और उसके पदाधिकारियों की नियुक्ति को लेकर सरकारी रिकॉर्ड में कोई कानूनी अस्पष्टता नहीं रहनी चाहिए। उनके अनुसार, सरकारी आदेश की अस्पष्ट या व्यापक शब्दावली को लंबे समय तक अनिश्चित स्थिति में नहीं छोड़ा जा सकता। यदि सरकार का आशय केवल एक नियुक्ति रद्द करना है तो उसे उसी अनुरूप स्पष्ट आदेश जारी करना चाहिए। और यदि वास्तव में 23 मई 2025 का पूरा आदेश वापस लिया गया है, तो वर्तमान में कार्यरत मुख्य सूचना आयुक्त और राज्य सूचना आयुक्तों की वैधानिक स्थिति पर भी तत्काल आधिकारिक स्पष्टीकरण आवश्यक है।