{"vars":{"id": "91925:5179"}}

Haryana Weather: हरियाणा में 22 नवंबर तक मौसम रहेगा शुष्क, सुबह छाएगी धुंध, IMD का येलो अलर्ट

हरियाणा में बर्फीली हवाओं से रात का तापमान 4 डिग्री गिरा। हिसार-पंचकूला में पारा 9.6 डिग्री पहुंचा। 22 नवंबर तक मौसम शुष्क रहने और सुबह धुंध छाने का अनुमान।
 

Haryana Weather Update: पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होने के बाद प्रदेश में ठंड ने रफ्तार पकड़ ली है। उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों में हुई बर्फबारी के बाद मैदानी इलाकों में बर्फीली हवाएं चल रही हैं, जिससे रात के तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज की गई है। हिसार और पंचकूला में न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, कई अन्य जिलों में भी रात का पारा 10 से 11 डिग्री के आसपास पहुंच गया है।

मौसम विशेषज्ञ चंद्रमोहन के अनुसार, उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी और हरियाणा के कुछ हिस्सों में हुई हल्की बूंदाबांदी के कारण मौसम में बदलाव आया है। पहाड़ी क्षेत्रों से आ रही ठंडी उत्तरी और उत्तर-पश्चिमी हवाओं ने मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ा दी है।

हरियाणा में एक दिन में 4 डिग्री गिरा रात का तापमान

प्रदेश में रात के तापमान में एक ही दिन में करीब 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। न्यूनतम तापमान सामान्य से लगभग 2 डिग्री कम रहा। हिसार और पंचकूला सबसे ठंडे रहे, जहां पारा 9.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

अन्य जिलों में न्यूनतम तापमान इस प्रकार रहा:

  • महेंद्रगढ़ : 10.0 डिग्री सेल्सियस
  • यमुनानगर : 10.1 डिग्री सेल्सियस
  • बावल (रेवाड़ी) : 10.2 डिग्री सेल्सियस
  • करनाल : 10.2 से 10.7 डिग्री सेल्सियस
  • नारनौल और कैथल : 10.5 डिग्री सेल्सियस
  • झज्जर : 10.8 डिग्री सेल्सियस
  • अंबाला : 11.0 डिग्री सेल्सियस

22 नवंबर तक कैसा रहेगा हरियाणा का मौसम?

मौसम विशेषज्ञ चंद्रमोहन के मुताबिक, कमजोर पश्चिमी मौसम प्रणाली के प्रभाव से उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी का सिलसिला जारी रह सकता है। वहीं, हरियाणा सहित उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में 22 नवंबर तक मौसम आमतौर पर शुष्क रहने का अनुमान है।

इस दौरान हवाओं की दिशा उत्तरी और उत्तर-पश्चिमी बनी रहेगी। ठंडी हवाओं के चलते दिन और रात दोनों के तापमान में गिरावट जारी रहने की संभावना है।

सुबह के समय छाएगी धुंध, IMD ने जारी किया येलो अलर्ट

प्रदेश के कई इलाकों में सुबह के समय हल्की धुंध और कोहरा देखने को मिल सकता है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने धुंध और कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।

सुबह के समय दृश्यता कम होने से वाहन चालकों को परेशानी हो सकती है। ऐसे में हाईवे और ग्रामीण सड़कों पर सफर करने वाले लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

हिसार की हवा में भी हुआ सुधार

मौसम में बदलाव के साथ हिसार की वायु गुणवत्ता में भी सुधार दर्ज किया गया है। सोमवार को 338 एक्यूआई के साथ हिसार देश के सबसे प्रदूषित शहरों में शामिल था। मंगलवार को यहां का औसत एक्यूआई घटकर 149 पर पहुंच गया।

पिछले 17 दिनों में यह दूसरा मौका था, जब हिसार का एक्यूआई इतना कम दर्ज किया गया। इससे लोगों को प्रदूषण से कुछ राहत मिली है।

##