{"vars":{"id": "91925:5179"}}

बुजुर्गों को 3200 रुपये मासिक पेंशन, कैंसर मरीजों और दिव्यांगजनों के लिए भी आर्थिक सहायता

बुजुर्गों को 3200 रुपये मासिक पेंशन, कैंसर मरीजों और दिव्यांगजनों के लिए भी आर्थिक सहायता
 

वृद्धावस्था, विधवा, लाडली, बेसहारा बच्चों और अल्पसंख्यक विद्यार्थियों सहित जरूरतमंद वर्गों के लिए संचालित हैं कई कल्याणकारी योजनाएं

हिसार,

सामाजिक न्याय, अधिकारिता, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण तथा अंत्योदय (सेवा) विभाग, हरियाणा की ओर से जरूरतमंद नागरिकों, वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं, दिव्यांगजनों, कैंसर पीडि़तों, बच्चों और विद्यार्थियों के कल्याण के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं के माध्यम से पात्र लाभार्थियों को मासिक पेंशन, आर्थिक सहायता, छात्रवृत्ति तथा अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रावधान है। यह जानकारी देते हुए समाज कल्याण अधिकारी महाबीर गोदारा ने बताया कि विभाग की ओर से वृद्धावस्था सम्मान भत्ता, विधवा एवं निराश्रित महिलाओं की पेंशन तथा दिव्यांग पेंशन के तहत पात्र लाभार्थियों को 3200 रुपये प्रतिमाह देने का है। वृद्धावस्था सम्मान भत्ते के लिए सरकार की अधिसूचना के अनुसार पात्रता निर्धारित की जाती है। पात्र लाभार्थियों की सूची परिवार पहचान प्राधिकरण के माध्यम से विभाग को भेजी जाती है और सूची में नाम आने पर नियमानुसार पेंशन स्वीकृत की जाती है। उन्होंने बताया कि विधवा एवं निराश्रित महिला पेंशन के लिए महिला की आयु 18 वर्ष या उससे अधिक होनी चाहिए तथा परिवार की सभी आय के स्रोतों से वार्षिक आय तीन लाख रुपये या उससे कम होनी चाहिए। आवेदन के लिए पति का मृत्यु प्रमाण पत्र, राशन कार्ड, वोटर कार्ड, आधार कार्ड, परिवार पहचान पत्र, निवास प्रमाण पत्र और बैंक खाते से संबंधित दस्तावेज जरूरी हैं। निराश्रित श्रेणी में निर्धारित शर्तें पूरी करने वाली तलाकशुदा महिलाओं, लापता पति के मामले में पुलिस रिकॉर्ड प्रस्तुत करने वाली महिलाओं तथा अन्य पात्र श्रेणियों को भी नियमानुसार लाभ मिलता है। दिव्यांग पेंशन के लिए दिव्यांग पहचान पत्र और आधार कार्ड सहित आवश्यक दस्तावेज के साथ पात्र लाभार्थी परिवार पहचान प्राधिकरण के माध्यम से विभाग को आवेदन कर सकते हैं। इसी प्रकार लाडली पेंशन योजना के तहत उन दंपतियों को लाभ देने का प्रावधान है, जिनके परिवार में केवल बेटियां हैं। शर्तों के अनुसार पति-पत्नी में से किसी एक की आयु 45 वर्ष या उससे अधिक होने पर आवेदन किया जा सकता है। परिवार की सभी आय के स्रोतों से वार्षिक आय 2.50 लाख रुपये या उससे कम होनी चाहिए। योजना के तहत 3200 रुपये प्रतिमाह देने का प्रावधान है। आवेदन के साथ आयु प्रमाण, आधार कार्ड, राशन कार्ड, वोटर कार्ड और बैंक खाते के दस्तावेज प्रस्तुत करने होते हैं। आवेदन ऑनलाइन करवाकर आवश्यक दस्तावेज कार्यालय में जमा कराने होते हैं। दस्तावेज में आवेदन के 60 दिन के भीतर स्वीकृति प्रदान की जाती है। विधवा अथवा निराश्रित महिलाओं के पात्र बच्चों के लिए वित्तीय सहायता योजना संचालित की जा रही है। इसके तहत एक बच्चे के लिए 2300 रुपये की सहायता प्रदान की जाती है और अधिकतम दो बच्चों तक सहायता का प्रावधान है। परिवार की वार्षिक आय तीन लाख रुपये या उससे कम होनी चाहिए। आवेदन के लिए पति का मृत्यु प्रमाण पत्र, राशन कार्ड, वोटर पहचान पत्र, आधार कार्ड, निराश्रित होने का प्रमाण तथा बच्चों के जन्म प्रमाण पत्र जैसे दस्तावेज जरूरी हैं। दस्तावेज में तलाकशुदा महिलाओं, पति के लापता होने की स्थिति में पुलिस रिकॉर्ड रखने वाली महिलाओं तथा निर्धारित शर्तें पूरी करने वाले अन्य पात्र मामलों को भी योजना के दायरे में शामिल किया गया है। ऑनलाइन आवेदन के बाद दस्तावेज कार्यालय में जमा कराने होते हैं। हरियाणा में पिछले पांच वर्षों से रह रहे और सिविल सर्जन द्वारा जारी किन्नर प्रमाण पत्र रखने वाले पात्र व्यक्ति किन्नर भत्ता योजना के लिए आवेदन कर सकते हैं। इस योजना में 3200 रुपये प्रतिमाह का प्रावधान है। आवेदन के लिए राशन कार्ड, वोटर पहचान पत्र, आधार कार्ड और सिविल सर्जन द्वारा जारी प्रमाण पत्र आवश्यक हैं। इसी प्रकार बौना भत्ता योजना के लिए हरियाणा में कम से कम एक वर्ष से निवास करने तथा सिविल सर्जन द्वारा जारी प्रमाण पत्र की शर्त दी गई है। दस्तावेज के अनुसार पुरुष की लंबाई 3 फुट 8 इंच और महिला की लंबाई 3 फीट 3 इंच होनी चाहिए। योजना के तहत 3200 रुपये प्रतिमाह का प्रावधान है। आवेदन ऑनलाइन करवाकर सत्यापित दस्तावेज कार्यालय में जमा कराने होते हैं। राष्ट्रीय परिवार लाभ योजना के तहत गरीबी रेखा से नीचे जीवनयापन करने वाले परिवार के मुखिया की मृत्यु होने पर परिवार को एकमुश्त 20 हजार रुपये की सहायता देने का प्रावधान है। आवेदन के साथ मृत्यु प्रमाण पत्र, राशन कार्ड, वोटर पहचान पत्र, गरीबी रेखा सूची से संबंधित प्रमाण, हलफनामा, बैंक खाते और आधार कार्ड के दस्तावेज देने होते हैं। मृत्यु के एक वर्ष के भीतर आवेदन जमा कराना आवश्यक है। इसी प्रकार एसिड हमले से प्रभावित पात्र व्यक्तियों को दिव्यांगता के प्रतिशत के आधार पर आर्थिक सहायता दी जाती है, जिसमें 40 से 50 प्रतिशत दिव्यांगता पर 2500 रुपये, 51 से 60 प्रतिशत पर 3500 रुपये और 61 से 100 प्रतिशत दिव्यांगता पर 4500 रुपये प्रतिमाह पेंशन दी जाती है। इसके लिए हरियाणा में निवास, सिविल सर्जन द्वारा जारी एसिड पीड़ित दिव्यांगता प्रमाण पत्र, राशन कार्ड, वोटर कार्ड, आधार कार्ड और बैंक खाते से संबंधित दस्तावेज आवश्यक हैं। 18 वर्ष से कम आयु के ऐसे बच्चों के लिए वित्तीय सहायता का प्रावधान है, जो बौद्धिक दिव्यांगता से प्रभावित हैं, स्कूल नहीं जाते तथा निर्धारित चिकित्सा प्रमाण पत्र संबंधी शर्तें पूरी करते हैं। आईक्यू 50 से अधिक न होने पर पात्र बच्चे को 2350 रुपये प्रतिमाह की सहायता राशि दी जाती है। आवेदन के लिए राशन कार्ड, सिविल सर्जन द्वारा जारी प्रमाण पत्र, हलफनामा, आयु प्रमाण, बैंक खाते और आधार कार्ड के दस्तावेज आवश्यक हैं। आवेदन ऑनलाइन करवाने के बाद दस्तावेज कार्यालय में जमा कराने होते हैं। इसी प्रकार स्टेज-3 और स्टेज-4 के कैंसर मरीजों के लिए भी आर्थिक सहायता योजना का प्रावधान है। पात्र मरीज को 3200 रुपये प्रतिमाह सहायता दी जाती है। इसके लिए सिविल सर्जन द्वारा जारी मेडिकल प्रमाण पत्र में कैंसर की स्टेज-3 या स्टेज-4 की पुष्टि होना जरूरी है। परिवार की सभी आय के स्रोतों से वार्षिक आय तीन लाख रुपये या उससे कम होनी चाहिए। आवेदन सरल पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन किया जाता है। आवेदन के लिए सिविल सर्जन द्वारा सत्यापित मेडिकल प्रमाण पत्र तथा परिवार पहचान पत्र, आधार कार्ड, वोटर कार्ड, बैंक खाता के बाद नियमानुसार जिला समाज कल्याण अधिकारी के माध्यम से पेंशन स्वीकृत की जाती है। इस पेंशन के साथ पात्र मरीज अन्य पेंशन का लाभ भी ले सकता है। इसके अलावा भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के दस्तावेज में अल्पसंख्यक विद्यार्थियों के लिए प्री-मैट्रिक, पोस्ट-मैट्रिक तथा मेरिट-कम-मीन्स छात्रवृत्ति योजनाओं का लाभ दिया जाता है। इनमें मुस्लिम, सिख, ईसाई, बौद्ध, जैन और पारसी समुदायों के पात्र विद्यार्थियों को शामिल किया गया है। प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति के लिए वार्षिक पारिवारिक आय एक लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति के लिए आय सीमा दो लाख रुपये तथा मेरिट-कम-मीन्स छात्रवृत्ति के लिए 2.50 लाख रुपये निर्धारित होने का उल्लेख है। तीनों श्रेणियों में पिछली कक्षा की वार्षिक परीक्षा में कम से कम 50 प्रतिशत अंक की शर्त दी गई है। शिक्षण संस्थानों के प्रमुख और नोडल अधिकारियों के माध्यम से दस्तावेजों का सत्यापन किया जाता है तथा संस्थान से आवेदन सत्यापित होने के बाद विभागीय स्तर पर भी जांच की जाती है। इसी प्रकार हरियाणा माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिकों के भरण-पोषण अधिनियम के तहत माता-पिता और वरिष्ठ नागरिकों के भरण-पोषण से संबंधित शिकायतों की सुनवाई का भी प्रावधान किया गया है। इसके लिए संबंधित उपमंडल अधिकारी नागरिक के कार्यालय में प्रार्थना पत्र देकर सुनवाई की प्रक्रिया अपनाई जा सकती है। अधिनियम का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को उनके भरण-पोषण से संबंधित अधिकारों के लिए कानूनी सहायता उपलब्ध कराना है। जिले में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए नशामुक्त भारत अभियान के तहत विशेष गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इसको लेकर भारत सरकार द्वारा प्राप्त राशि से नशे के दुष्प्रभावों बारे में जागरूकता कार्यक्रम एवं अन्य गतिविधियों को आयोजन किया जा रहा है। राज्य स्तर पर वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों तथा नशामुक्ति के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं को प्रोत्साहित करने के लिए पुरस्कार दिए जाते हैं। इसके अतिरिक्त वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों के कल्याण के लिए काम करने वाली गैर-सरकारी संस्थाएं एनजीओ ई-अनुदान योजना के तहत ऑनलाइन अनुदान प्रस्ताव जमा कर सकती हैं। जिला स्तरीय समिति द्वारा निरीक्षण और जांच रिपोर्ट विभागीय पोर्टल पर प्रस्तुत किए जाने के बाद भारत सरकार की ओर से नियमानुसार अनुदान राशि दी जाती है। ट्रांसजेंडर व्यक्तियों के लिए प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया के लिए निर्धारित आयु, पहचान, शपथ पत्र, आधार कार्ड, पासपोर्ट आकार के दो फोटो तथा चिकित्सक द्वारा जारी संबंधित प्रमाण पत्र सहित आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने होते हैं। इसके अलावा नेशनल ट्रस्ट अधिनियम, 1999 के तहत ऑटिज्म, सेरेब्रल पाल्सी, बौद्धिक दिव्यांगता तथा बहु-दिव्यांगता से प्रभावित पात्र व्यक्तियों के लिए लीगल गार्जियनशिप प्रमाण पत्र जारी किया जाता है। इसके लिए निर्धारित दिव्यांगता प्रमाण पत्र, राशन कार्ड, आयु प्रमाण, हलफनामा, बैंक खाते, आधार कार्ड और तीन समूह फोटो सहित आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने होते हैं। इन दोनों योजनाओं के प्रमाण पत्र उपायुक्त द्वारा जारी किए जाते हैं। इस संबंध में अधिकारी जानकारी के लिए लघु सचिवालय परिसर के भू-तल पर स्थित जिला समाज कल्याण अधिकारी हिसार के कार्यालय से योजनाओं की पात्रता, जरूरी दस्तावेज और आवेदन प्रक्रिया के बारे में जानकारी प्राप्त की जा सकती है। पेंशन एवं संबंधित योजनाओं के लिए विभागीय वेबसाइट https://pension.socialjusticehry.gov.in/ पर भी विजिट किया जा सकता है।