{"vars":{"id": "91925:5179"}}

समाधान शिविर में अतिरिक्त उपायुक्त शालिनी चेतल ने सुनी आमजन की समस्याएं

समाधान शिविर में अतिरिक्त उपायुक्त शालिनी चेतल ने सुनी आमजन की समस्याएं
 

शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के अधिकारियों को दिए निर्देश

हिसार, 29 अक्टूबर।

जिला प्रशासन की ओर से वीरवार को आयोजित समाधान शिविर में अतिरिक्त उपायुक्त शालिनी चेतल ने आमजन की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निपटारा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समाधान शिविर का मुख्य उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं का एक ही स्थान पर समाधान सुनिश्चित करना है, ताकि लोगों को अपनी शिकायतों के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। अतिरिक्त उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त होने वाली प्रत्येक शिकायत पर समयबद्ध कार्रवाई करते हुए उसका समाधान करना सुनिश्चित करें और जिन शिकायतों का समाधान तुरंत संभव है, उनका मौके पर ही निपटारा किया जाए। समाधान शिविर में गांव हसनगढ़ निवासी प्रदीप द्वारा कृषि ऋण पूर्ण रूप से चुकाने के बावजूद भूमि से बैंक का प्रभार नहीं हटाए जाने के कारण नए ऋण लेने में आ रही बाधा की शिकायत पर अतिरिक्त उपायुक्त शालिनी चेतल ने संबंधित विभाग के अधिकारी को मामले की जांच कर आगामी कार्यवाही करने के निर्देश दिए। गांव सीसवाल के ग्राम वासियों द्वारा बस स्टैंड पर रोडवेज बस नहीं रोके जाने व ड्राइवर कंडक्टर की मनमानी संबंधी शिकायत पर अतिरिक्त उपायुक्त ने हरियाणा राज्य परिवहन विभाग के अधिकारियों को इस मामले का स्थायी समाधान निकालने की हिदायत दी।

गांव सातरोड़ कलां निवासी एक प्रार्थी द्वारा लाडवा मेन रोड की फिरनी पर लगे पोल को शिफ्ट करवाने की मांग पर अतिरिक्त उपायुक्त शालिनी चेतल ने दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के अधिकारियों को प्रार्थी के समक्ष आ रही समस्या का समाधान कर पोल को शिफ्ट करने संबंधी आगमी कार्यवाही के निर्देश दिए। गांव पातन के एक प्रार्थी द्वारा अनजान व्यक्तियों द्वारा रास्ता रोककर मारपीट करने, जान से मारने की धमकी देने तथा 112 नंबर पर सूचित करने के बावजूद कोई कार्रवाई न करने की शिकायत पर अतिरिक्त उपायुक्त ने पुलिस विभाग के अधिकारियों को इस मामले पर पर उचित कार्रवाई अमल में लाने को कहा। ग्राम पंचायत खानपुर द्वारा दी गई तीन शिकायतें जिसमें खेतों में जल भराव के लिए उपयुक्त पाईप लाईन बिछाने, खेतों में लंबे समय से चल रहे अवैध रेतिली मिट्टी खनन तथा खाद्द वितरण केंद्र पर खाद्द व बीज उपलब्ध न होने संबंधी शिकायत पर अतिरिक्त उपायुक्त ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों के समाधान को लेकर शीघ्र अति शीघ्र कार्यवाही करने के निर्देश दिए।इसी प्रकार एक प्रार्थी रविन्द्र कुमार द्वारा घोड़ा फार्म रोड रेलवे क्रॉसिंग के पास सडक़ पर अतिक्रमण एवं मलबा हटवाने संबंधी पूर्व शिकायत पर कोई कार्यवाही ने होने के संबंध में अतिरिक्त उपायुक्त शालिनी चेतल ने नगर निगम को सडक़ पर अतिक्रमण एवं मलबा हटवाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर एसडीएम ज्योति मित्तल, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी नरेंद्र कुमार, नगर निगम अतिरिक्त आयुक्त प्रदीप हुड्डा सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।