आशा कार्यकर्ताओं को दिया गया आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण
हिसार, 18 नवंबर।
आपदा के समय राहत एवं बचाव कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित करने और आमजन को समय पर सहायता उपलब्ध करवाने में प्रशिक्षित कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका को देखते हुए बुधवार को स्थानीय बाल भवन में एक दिवसीय आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। हरियाणा सरकार के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के दिशा-निर्देशों के तहत आयोजित इस प्रशिक्षण में जिला हिसार की 200 आशा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को विभिन्न प्रकार की आपदाओं से निपटने और राहत कार्यों से संबंधित आवश्यक व्यावहारिक एवं तकनीकी जानकारी उपलब्ध करवाई गई।
इस अवसर पर राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग से विजेंदर साहू ने कहा कि वर्तमान समय में आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूकता और इसका प्रशिक्षण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि बाढ़, आगजनी, प्राकृतिक आपदा अथवा किसी भी अन्य आपातकालीन स्थिति में किस प्रकार स्वयं का बचाव करते हुए सावधानी बरतनी है और प्रभावित लोगों तक तत्काल सहायता पहुंचानी है, इस दृष्टि से यह प्रशिक्षण बेहद महत्वपूर्ण है।
परियोजना अधिकारी विजेंदर साहू द्वारा जिला हिसार में हो सकने वाली प्राकृतिक व मानव निर्मित आपदाओं से बचाव के बारे में विस्तार से बताया गया। अग्निशमन विभाग से साहिल द्वारा आगजनी की घटनाएं, उनसे बचाव के तरीकों के बारे में जानकारी दी। जिला प्रशिक्षण अधिकारी विनोद कुमारी द्वारा दुर्घटनाओं से बचाव व दुर्घटना के समय घायलों को अस्पताल पहुंचाने व फर्स्ट की ट्रेनिंग प्रैक्टिकल के रूप में करवाई गई। तत्पश्चात आपदा मोचन बल द्वारा बाढ़ व भूकंप में खुद के बचाव, सर्च एंड रेस्क्यू व जीवन रक्षा किस प्रकार से की जाए, इस बारे में विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया।
परियोजना अधिकारी विजेंदर साहू ने आशा कार्यकर्ताओं की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि वे स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में आमजन से सीधे तौर पर जुड़ी रहती हैं। ऐसे में आपदा प्रबंधन से संबंधित प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद ये कार्यकर्ता किसी भी आपातकालीन परिस्थिति में न केवल लोगों की त्वरित मदद कर सकेंगी, बल्कि जिला प्रशासन के राहत एवं बचाव प्रयासों को भी जमीनी स्तर पर मजबूती प्रदान करेंगी।