समाधान शिविर में उपायुक्त महेंद्र पाल आमजन की समस्याओं को सुनते हुए अधिकारियों को दिए निर्देश
हिसार, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार ने आमजन की सुविधा के लिए एक ही छत के नीचे नागरिकों की समस्याओं का समाधान करना सुनिश्चित किया है। इसी कड़ी में वीरवार को उपायुक्त महेंद्र पाल ने स्थानीय लघु सचिवालय परिसर स्थित जिला सभागार में आयोजित समाधान शिविर में नागरिकों की शिकायतों की सुनवाई की और मौके पर उपस्थित संबंधित विभागों के अधिकारियों को इन शिकायतों के शीघ्र निपटारे बारे निर्देश दिए। शिविर में कुल 9 पंजीकृत शिकायतें प्राप्त हुई।
समाधान शिविर में हिसार निवासी एक प्रार्थी द्वारा अनाधिकृत बेसमेंट खुदाई, अवैध निर्माण व संपति के नुकसान संबंधी मामले पर उपायुक्त महेंद्र पाल ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को उक्त मामले पर उचित कार्यवाही करने के निर्देश दिए। भामाशाह क्षेत्र निवासी एक प्रार्थी द्वारा लगाए गए टावर की जमीन का मुआवजा मार्केट रेट पर दिलाने की मांग पर उपायुक्त ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को को प्रार्थी की समस्या को लेकर आवश्यक कार्यवाही अमल में लाने के निर्देश दिए। इसी प्रकार एक प्रार्थी द्वारा सिवानी बोलान स्थित नेहला रोड पर संचालित श्रीराम इंडस्ट्रीज को बंद करवाने की मांग को लेकर उपायुक्त महेंद्र पाल ने प्रदूषण बोर्ड के अधिकारियों को इस मामले पर आगामी कार्यवाही करने की हिदायत दी। इसके अतिरिक्त अन्य शिकायतों पर भी उपायुक्त ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त शालिनी चेतल, एसडीएम ज्योति मित्तल, नगराधीश रोहित कुमार, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी नरेंद्र कुमार सहित अन्य विभाग के अधिकारी भी उपस्थित रहे।