समाधान शिविर में उपायुक्त महेंद्र पाल ने सुनी समस्याएं, कई शिकायतों का मौके पर किया निपटारा
हिसार, 05 नवंबर।
लघु सचिवालय स्थित जिला सभागार में आयोजित समाधान शिविर में वीरवार को उपायुक्त महेंद्र पाल ने नागरिकों की समस्याओं पर सुनवाई करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने कई शिकायतों का मौके पर निपटारा किया और शेष के निपटारे को लेकर विभागाध्यक्षों को जल्द से जल्द समाधान की दिशा में उचित कदम उठाने के निर्देश दिए। समाधान शिविर में गांव सदलपुर निवासी बिमला ने झूठी शिकायत दर्ज कर मानसिक प्रताड़ित करने संबंधी शिकायत पर उपायुक्त महेंद्र पाल ने पुलिस विभाग के अधिकारियों को मामले की निष्पक्षता से जांच कर आगामी कार्यवाही करने को कहा। गांव पातन निवासी सूबे सिंह द्वारा निर्माणाधीन ग्राम पंचायत भवन में घटिया सामग्री तथा निम्न स्तर की ईंटों के प्रयोग को तुरंत प्रभाव से रोकने एवं निर्माण सामग्री के सैंपल की जांच करवाने की मांग को लेकर उपायुक्त ने जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी को उक्त मामले का मौका मुआयना कर विभागीय कार्यवाही अमल में लाने की हिदायत दी।
श्याम लाल ढाणी निवासियों द्वारा पुरानी सीवर लाइन को बदलने की मांग पर उपायुक्त महेंद्र पाल ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को सीवर लाइन संबंधी समस्या का उचित समाधान करने के निर्देश दिए। मोरी गेट निवासी एक प्रार्थी द्वारा दुकान के लिए डुप्लीकेट अलॉटमेंट लेटर जारी न करने संबंधी मामले पर उपायुक्त ने नगर निगम के अधिकारियों को मामले की जांच कर आगामी आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार संजय नगर निवासी एक प्रार्थी द्वारा कॉलोनी में अवैध निर्माणों, अवैध पशुपालन, डेयरी व पशुओं के कारण पूरे क्षेत्र में फैली गंदगी के स्थायी समाधान की मांग पर उपायुक्त ने पब्लिक हेल्थ विभाग के अधिकारियों को इस मामले पर आगामी कार्यवाही अमल में लाते हुए नागरिकों के समक्ष आ रही समस्या का निदान करने की हिदायत दी। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त शालिनी चेतल, एसडीएम ज्योति मित्तल, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी नरेंद्र कुमार, नगर निगम अतिरिक्त आयुक्त प्रदीप हुड्डा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।