{"vars":{"id": "91925:5179"}}

ड्राफ्ट मतदाता सूची से नाम कटने पर घबराएं नहीं नागरिक, बीएलओ घर-घर जाकर भरवाएंगे फॉर्म : उपायुक्त महेंद्र पाल

ड्राफ्ट मतदाता सूची से नाम कटने पर घबराएं नहीं नागरिक, बीएलओ घर-घर जाकर भरवाएंगे फॉर्म : उपायुक्त महेंद्र पाल
 

उपायुक्त ने एसआईआर अभियान में तेजी लाने के दिए निर्देश, छूटे हुए मतदाताओं का दोबारा होगा सत्यापन हिसार, 25 नवंबर। विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के तहत मतदाता सूची से छूटे पात्र नागरिकों को अपना नाम दोबारा जुड़वाने का अवसर दिया जा रहा है।  यदि कोई पात्र मतदाता गणना प्रक्रिया में शामिल होने से रह गया है तो बीएलओ घर-घर जाकर उससे संपर्क करें और आवश्यक गणना प्रपत्र भरवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने एसआईआर प्रक्रिया में तेजी लाने के भी निर्देश दिए। यह निर्देश उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी महेंद्र पाल ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी हरियाणा ए. श्रीनिवास की अध्यक्षता मे आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंस के उपरांत अधिकारियों को दिए। उपायुक्त ने बताया कि जिन मतदाताओं के नाम ड्राफ्ट मतदाता सूची से हट गए थे, उनके दोबारा सत्यापन का कार्य किया जा रहा है। ऐसे मतदाता संबंधित बीएलओ से संपर्क कर अपनी जानकारी और आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध करवाते हुए गणना प्रपत्र भर सकते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभियान का उद्देश्य किसी भी पात्र नागरिक को मतदाता सूची में नाम शामिल करवाने के अवसर से वंचित नहीं रहने देना है। उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत एवं दोहरे मतदाता श्रेणी में चिह्नित मतदाताओं तक दोबारा पहुंच बनाई जाएगी। इसके लिए संबंधित बीएलओ और राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट आपसी तालमेल से काम करेंगे। घर-घर जाकर, पड़ोसियों और परिवार के सदस्यों के माध्यम से भी संबंधित मतदाताओं का पता लगाया जाएगा, ताकि पात्र लोगों को गणना प्रपत्र भरने में परेशानी न हो। उपायुक्त महेंद्र पाल ने कहा कि एएसडीडी सूची में शामिल ऐसे मतदाता, जिनके नाम प्रारूप मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाए हैं, उनकी सूची संबंधित मतदान केंद्रों, पंचायत भवनों, शहरी स्थानीय निकाय कार्यालयों और अन्य निर्धारित स्थानों पर उपलब्ध करवाई जाएगी। इसके अलावा मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट पर भी सूची देखी जा सकेगी। उन्होंने बताया कि जिन मतदाताओं का निवास स्थान नहीं बदला है, उन्हें गणना प्रपत्र के साथ निर्धारित अनुलग्नक में अपना बयान देना होगा। इसके अलावा राज्य के अंदर दूसरे स्थान पर रहने वाले मतदाताओं को नए पते का प्रमाण और निर्धारित घोषणा पत्र संबंधित नए विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचन पंजीयन अधिकारी या सहायक निर्वाचन पंजीयन अधिकारी के पास जमा करवाना होगा। इसके लिए बिजली, पानी या गैस कनेक्शन का बिल, आधार कार्ड, बैंक या डाकघर की पासबुक, पासपोर्ट, भूमि स्वामित्व रिकॉर्ड, पंजीकृत किरायानामा अथवा रजिस्टर्ड सेल डीड जैसे दस्तावेज मान्य होंगे। उपायुक्त ने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया के दौरान पहले ही फॉर्म-6 जमा करवा चुके मतदाताओं को दोबारा गणना प्रपत्र जमा करवाने की आवश्यकता नहीं है। मतदाता निर्वाचन आयोग की वेबसाइट अथवा ईसीआईनेट ऐप के माध्यम से अपने पुराने एपिक नंबर की मदद से भी गणना प्रपत्र डाउनलोड कर सकते हैं। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अभियान को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित कार्य जल्द पूरा करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के लिए प्रशासन, बीएलओ और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों का आपसी सहयोग बेहद जरूरी है, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे। उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी संशोधित समय-सारणी के अनुसार 15 दिसंबर 2026 तक दावों एवं आपत्तियों के निपटान की अंतिम तिथि निर्धारित की गई है, जबकि 22 दिसंबर 2026 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि एसआईआर से जुड़े सभी कार्य पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ निर्धारित समय सीमा में पूरा करना सुनिश्चित करें। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त शालिनी चेतल, एसीयूटी विवेक यादव, एसडीएम ज्योति मित्तल, नगराधीश रोहित कुमार, जिला विकास एवं पचायत अधिकारी नरेंद्र कुमार व चुनाव तहसीलदार जगदीप मान सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।